आज शुरु होगी कांग्रेस की न्याय यात्रा, प्रियंका गांधी आगर से करेंगी शुरूआत

आगरा: कांग्रेस आज से उत्तर प्रदेश में न्याय यात्रा की शुरुआत करेगी। पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी आज आगरा के बाह में रैली को संबोधित करेंगी और कांग्रेस की न्याय यात्रा की शुरुआत करेंगी। इस मौके पर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और पूर्वी उत्तर प्रदेश महासचिव प्रभारी ज्योतिरादित्य सिंधिया भी मौजूद रहेंगे।


लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में पूरी ताकत झोंक रही कांग्रेस अपनी महत्वाकांक्षी न्यूनतम आय योजना, न्याय के वादे को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाने के मकसद से आज से राज्य में न्याय यात्रा निकालेगी। पार्टी सूत्रों के मुताबिक न्याय यात्रा का यह कार्यक्रम कांग्रेस महासचिव और पूर्वी उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा की योजना का हिस्सा है। यह यात्रा राज्य के उन सभी संसदीय क्षेत्रों में निकाली जाएगी जहां अगले छह चरणों मे चुनाव हो रहे हैं। आगरा के फतेहपुर सीकरी से प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राज बब्बर चुनाव लड़ रहे हैं।

कई संसदीय क्षेत्रों में खुद प्रियंका भी इस यात्रा में शामिल हो सकती हैं। दरअसल अब लोकसभा चुनाव के छह चरणों की वोटिंग बाकी है। पहले चरण में पश्चिमी उत्तर प्रदेश की आठ सीटों पर 11 अप्रैल को वोट डाले गए। पार्टी की ओर से तय कार्यक्रम के मुताबिक हर क्षेत्र में चुनाव प्रचार खत्म होने तक यह न्याय यात्रा चलेगी और इसमें सबंधित क्षेत्र के सभी प्रमुख नेता, कार्यकर्ता, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, एनएसयूआई और सेवा दल के लोग शामिल होंगे।

इस यात्रा के तहत जमीनी स्तर पर छोटी-छोटी सभाएं की जाएंगी। पर्चे बांटे जाएंगे और जन संवाद कार्यक्रमों के आयोजन होंगे। इसके साथ ही इस यात्रा के प्रचार-प्रसार के लिए सोशल मीडिया अभियान भी चलाया जाएगा। इसमें भारतीय युवा कांग्रेस की सोशल मीडिया टीम और प्रदेश संगठन के लिए कार्यरत सोशल मीडिया टीम प्रमुख जिम्मेदारी निभाएंगी। गौरतलब है कि कांग्रेस ने अपने चुनावी घोषणापत्र में वादा किया है कि सरकार बनने पर वह न्याय के तहत देश के पांच करोड़ सबसे गरीब परिवारों को सालाना 72 हजार रुपए देगी।

English News

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com