कोरोनावायरस(coronavirus) संक्रमण(infection) भारत(India)और विश्व (world)

कोरोनावायरस(coronavirus) संक्रमण(infection) भारत(India)और विश्व (world)

भारत (India) में कोरोनावायरस (coronavirus) के अब तक 41 मामले सामने आ चुके हैं। रविवार को केरल में 5 नए मरीजों में संक्रमण की पुष्टि हुई। इनमें से 3 हाल ही में इटली (Italy) से लौटे थे। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में अब तक संक्रमण के 3 मामले सामने आ चुके हैं, जबकि एक व्यक्ति संदिग्ध है। इनके संपर्क में आए सभी 337 लोग आइसोलेशन में रखे गए हैं। शनिवार को लद्दाख, अमृतसर और तमिलनाडु में 5 संक्रमित मरीज मिले थे। सरकार ने वायरस के संक्रमण की जांच के लिए देशभर 52 लैब बनाई हैं।
चीन के वुहान शहर से फैला कोरोनावायरस सोमवार तक 101 देशों तक फैल चुका है। इटली में रविवार को दुनिया में सबसे ज्यादा 233 लोगों की मौत हुई। कोरोना संक्रमण से यहां 366 जानें जा चुकी हैं। 24 घंटे में 1200 नए संक्रमितों की पुष्टि हुई। इटली सरकार ने देश के डेढ़ करोड़ लोगों को लॉकडाउन कर दिया है। वहीं, चीन में इस पर धीरे-धीरे काबू किया जा रहा है। देश में कोरोनावायरस से पीड़ित 100 साल के बुजुर्ग की हालत पूरी तरह ठीक हो गई है। उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है।
रविवार तक दुनियाभर में 3661 लोगों की मौत दर्ज की गई थी। एक दिन में 1752 नए मामले आए और 89 की मौत हुई थी। चीन में अब तक 80 हजार से ज्यादा मामले सामने आए हैं। करीब 3000 की मौत हो चुकी। दुनियाभर में ओवरऑल संक्रमित मरीजों की संख्या 1,07,802 पहुंच गई है।
चीन के निर्यात में गिरावट
कोरोनावायरस के चलते बीते दो महीनों में चीन के कारोबार पर बुरा असर पड़ा है। निर्यात में 17.2% की गिरावट आई है। यह फरवरी 2019 के दौरान अमेरिका से ट्रेड वॉर के बाद से सबसे बड़ी गिरावट है। चीन के आयात में भी 4% की कमी आई है।
अमेरिका में 500 से ज्यादा संक्रमित, 21 की मौत
अमेरिका में कोरोनावायरस से 21 लोगों की जान गई है। संक्रमितों का आंकड़ा 500 के पार पहुंच गया। ट्रम्प सरकार अब इस वायरस को फैलने से रोकने के लिए सेना को बुलाने पर विचार कर रही है। मरने वालों में ज्यादातर जापान के डायमंड प्रिंसेज शिप से लौटे यात्री हैं। अमेरिका लाए गए लोगों को फिलहाल क्वारैंटाइन (अलग-थलग) किया गया है। कैलिफोर्निया के तट से दूर प्रिंसेज शिप पर हेलीकॉप्टर से मेडिकल किट पहुंचाई जा रही है।
पाकिस्तान में एक मरीज पूरी तरह स्वस्थ
पाकिस्तान में एक नए मरीज की पुष्टि हुई है। स्वास्थ्य मंत्री जफर मिर्जा के मुताबिक, देश में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 7 पर पहुंच गई। उन्होंने कहा, ‘‘कराची के एक व्यक्ति में कोरोनोवायरस टेस्ट पॉजिटिव पाया गया है। सभी संक्रमितों को क्वारैंटाइन (अलग-थलग) किया गया है। एक व्यक्ति पूरी तरह से स्वस्थ हुआ है, जिसे अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया।’’
60924 लोग सही हुए, 6041 की हालत गंभीर
विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के मुताबिक, अभी तक दुनियाभर के 60924 संक्रमित नागरिक ठीक हो चुके हैं। 43217 का अभी भी इलाज चल रहा है। इसमें 43217 गंभीर बताए जा रहे हैं। चीन के बाहर 24,724 लोग संक्रमित हुए हैं और 563 लोगों की मौत हुई है। चीन के हेल्थ कमीशन ने रविवार को कहा कि शनिवार को अस्पताल से 1660 लोगों को छुट्टी मिली। यहां अब तक 57,065 नागरिक ठीक हो चुके हैं। चीन में सबसे ज्यादा हुबेई प्रांत में 67707 लोग संक्रमित हुए हैं। यहां का वुहान शहर कोरोनावायरस का केंद्र रहा है।
मलेशिया और थाईलैंड ने कोस्टा फॉर्च्यूना क्रूज अपने बंदरगाह पर आने से रोका
मलेशिया और थाईलैंड ने कोरोनावायरस के डर से 2,000 लोगों को लेकर पहुंचे कोस्टा फॉर्च्यूना क्रूज को अपने बंदरगाहों पर आने से बैन कर दिया है। इसमें इटली के 64 लोग हैं। इस जहाज पर कोरोनोवायरस का एक भी संदिग्ध नहीं है। शुक्रवार को कोस्टा फॉर्च्यूना क्रूज को थाईलैंड के फुकेट आईलैंड पर रुकने की इजाजत नहीं मिली थी। शनिवार को इस जहाज ने मलेशिया के पेनांग स्टेट में डॉक करने की कोशिश की थी, लेकिन इसे रोक दिया गया। मलेशिया के स्थानीय नेता फी बून पो ने बताया कि मलेशिया ने सभी जहाजों को अपने बंदरगाहों पर प्रवेश नहीं देने का निर्णय लिया है। इसलिए कोस्टा फॉर्च्यूना को भी यहां आने की इजाजत नहीं दी गई।
दक्षिण कोरिया में 7313 और ईरान में 6566 चपेट में
एशिया में दक्षिण कोरिया, ईरान सबसे ज्यादा इससे प्रभावित है। ईरान में संक्रमितों की संख्या 6566 और मौतों का आंकड़ा 197 हो गया है। दक्षिण कोरिया में 7313 केस सामने आए हैं, वहीं मरने वालों की संख्या 44 से बढ़कर 50 पहुंच गई है। द. कोरिया के दाएगू शहर सबसे ज्यादा प्रभावित है। यहां 5 हजार से ज्यादा मामलों की पुष्टि हो चुकी है। यहां 100 से ज्यादा चर्च के प्रार्थना सभा पर रोक लगा दी गई है। जापान में संक्रमण के 1198 मामले सामने आए हैं, जबकि 13 लोगों की मौत हो चुकी है। उधर, भूटान में कोरोनावायरस का पहला मामला सामने आया है। एक अमेरिकी पर्यटक में संक्रमण की पुष्टि हुई है। 76 साल का अमेरिकी नागरिक दो मार्च को भारत से भूटान आया था। 5 मार्च को बुखार के बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।
केरल में इटली से लौटे 3 साल के बच्चे में कोरोनावायरस की पुष्टि हुई है। यह बच्चा 7 मार्च को सुबह 6 बजे अपने माता-पिता के साथ कोच्चि एयरपोर्ट पहुंचा था। थर्मल स्केनिंग के दौरान कोरोनावायरस के लक्षण नजर आने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया। अब उसका टेस्ट पॉजिटिव मिला। इसके साथ ही देश में कोरोनावायरस से पीड़ित मरीजों की संख्या बढ़कर 42 हो गई है। इधर, मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पड़ोसी देश बांग्लादेश में कोरोनावायरस के तीन मरीज मिलने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपना ढाका दौरा रद्द कर दिया है।
मोदी को 17 मार्च को बांग्लादेश के राष्ट्रपिता शेख शेख मुजीबुर्रहमान के जन्म शताब्दी समारोह में मुख्य वक्ता के तौर पर आमंत्रित किय गया था। लेकिन, कोरोनावायरस के खतरे को देखते हुए बांग्लादेश सरकार ने कार्यक्रम को छोटे स्तर पर आयोजित करने का फैसला लिया है।
संक्रमण रोकने के लिए राज्य सरकारों ने सख्ती शुरू की
इधर, संक्रमण रोकने के लिए सरकारों ने भी सख्ती बरतनी शुरू कर दी है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली में चलने वाली बसों और मेट्रो को नियमित तौर पर डिसइन्फेक्ट करने के आदेश दिए हैं। केरल सरकार ने विदेश से आने वाले हर यात्री को ट्रेवल हिस्ट्री बताने को कहा है। ऐसा न करने पर उनके खिलाफ एक्शन लिया जाएगा। वहीं, तमिलनाडु सरकार ने संक्रमण के लक्षण दिखाई देने पर ऐसे मरीजों की निगरानी करने की बात कही है। इससे पहले, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने संक्रमण के शिकार हुए लोगों के संपर्क में आए 337 लोगों को आइसोलेशन में भेजने की जानकारी दी थी। वहीं, महाराष्ट्र सरकार ने एयरपोर्ट पर की जाने वाली जांच को और पुख्ता बनाने की बात कही।
बंगाल और लद्दाख में एक-एक संदिग्ध की मौत
इस बीच, रविवार रात को बंगाल के अस्पताल में आइसोलेशन वार्ड में रखे गए एक व्यक्ति की मौत हो गई। इस व्यक्ति में कोरोनावाइरस संक्रमण के लक्षण दिखाई देने पर उसे आइसोलेशन में रखा गया था। हालांकि अब तक इसकी टेस्ट रिपोर्ट नहीं मिली है। लद्दाख में भी ईरान की यात्रा करने वाले बुजुर्ग की कोरोनावायरस जैसे लक्षणों से मौत होने की जानकारी मिली है। इसकी टेस्ट रिपोर्ट भी अब तक नहीं मिल सकी है।
संक्रमण की जांच के लिए देश में 52 लैब
कोरोनावायरस के संक्रमण की जांच के लिए देशभर में 52 लैब बनाई गई हैं। इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (आईसीएमआर) ने स्वास्थ्य और शोध विभाग के साथ मिलकर ये लैब बनाई हैं। आईसीएमआर के मुताबिक, दिल्ली के लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज समेत देश के अलग-अलग स्थानों पर वायरस रिसर्च एंड डॉयग्नॉस्टिक लैब (वीआरडी) नमूने एकत्रित कर रही हैं। 6 मार्च तक 3,404 लोगों के 4,058 सैंपल की जांच की जा चुकी है। इनमें चीन के वुहान शहर से लाए गए 654 लोगों के 1,308 सैंपल भी शामिल हैं।
विदेशी यात्रियों की 30 एयरपोर्ट्स पर स्क्रीनिंग
विदेश के 30 एयरपोर्ट्स पर विदेश से आने वाले यात्रियों की स्क्रीनिंग की जा रही है। दक्षिण कोरिया और इटली से आने वालों को देश में प्रवेश करने से पहले कोरोनावायरस फ्री सर्टिफिकेट दिखाना होगा। कोरोनावायरस के कारण इस महीने होने वाला भारत-ईयू शिखर सम्मेलन भी स्थगित कर दिया गया है। इससे पहले सरकार ने इटली, ईरान, दक्षिण कोरिया और जापान से आने वाले लोगों के वीजा और ई-वीजा रद्द कर दिए थे। उधर, केंद्र सरकार के दफ्तरों में 31 मार्च तक बायोमीट्रिक अटेंडेंस पर रोक लगा दी गई है। बीमारी के बारे में जागरूकता फैलाने के लिए सभी टेलीकॉम कंपनियां शनिवार से ही मोबाइल रिंगटोन में कोरोनावायरस पर अवेयरनेस मैसेज चला रही हैं।

image:courtesy sources shown in image

English News

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com