वेंटिलेटर पर लेटी छात्रा ने पिता को लिखकर बताया कि अस्पताल के दो वार्ड बॉय ने उसके साथ किया दुष्कर्म

नेहरू नगर स्थित श्रीराम केयर अस्पताल में भर्ती छात्रा के साथ दो वार्ड बॉय ने मिलकर दुष्कर्म किया। इस मामले में अपराध दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। स्वास्थ्य मंत्री ने इस घटना को शर्मनाक बताते हुए जांच के आदेश दिए हैं। पीड़ित का हाल जानने व परिजन से मुलाकात करने शहर विधायक अस्पताल पहुंच गए हैं। इस घटना के बाद से युवती की तबीयत बिगड़ गई है और वह वेंटिलेटर पर है। जानकारी के अनुसार शहर से लगे गांव की युवती प्रथम वर्ष की छात्रा है। उसने अपने पिता को कागज में लेटर लिखकर दिया, जिसमें अस्पताल के दो वार्ड बॉय पर दुष्कर्म करने की बात कही गई है। यह सुनकर पिता हैरान व परेशान हो गए। उन्होंने मामले में अस्पताल के डॉक्टर से चर्चा करने की कोशिश की। लेकिन, अस्पताल प्रबंधन का रवैया संदिग्ध नजर आया। इस घटना से घबराए पिता ने मामले की शिकायत सिविल लाइन थाने में दर्ज कराई है। इधर, मामला सामने आते ही पुलिस भी सकते में आ गई है।

सिविल लाइन टीआइ परिवेश तिवारी देर रात तक इस मामले की शिकायत पर जांच करने की बात कहते रहे। आखिरकार सुबह होते ही मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया। पुलिस अफसरों के निर्देश पर अपराध दर्ज कर लिया है। इसके साथ ही पुलिस अब दोनों आरोपित वार्ड बॉय की जानकारी जुटा रही है।

इसके लिए अस्पताल प्रबंधन से भी पूछताछ की जा रही है और रिकार्ड खंगाल रही है कि अस्पताल में इलाज के दौरान किसकी ड्यूटी थी। पुलिस अब छात्रा के होश में आने के बाद उसका बयान लेगी। इस मामले को स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने तत्काल संज्ञान में लेते हुए जांच के आदेश दिए हैं। अस्पताल में हुई इस घटना को उन्होंने बेहद शर्मनाक बताया है।

युवती के पिता ने बताया कि 18 मई की सुबह दवाई खाने के बाद बेटी की तबीयत बिगड़ गई। इस पर उसे सिम्स ले जाया गया। लेकिन, सिम्स में कोरोना संक्रमण के चलते उसका इलाज नहीं हो सका। इस पर युवती के पिता उसे लेकर नारायणी अस्पताल गए। वहां भी उपचार नहीं हो पाने पर दोपहर में नेहरू नगर स्थित श्रीराम केयर अस्पताल ले गए। तब से युवती अस्पताल में भर्ती थी।

इस बीच 21-22 मई की रात मौका पाकर अस्पताल के दो वार्ड बॉय ने मिलकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इस घटना के बाद युवती सदमें में आ गई। वह वेंटिलेटर पर है, इसके चलते खुलकर कुछ बोल नहीं पा रही है। लिहाजा, उसने इशारों में अपने पिता को आप बीती बताने की कोशिश की। लेकिन, पिता समझ नहीं सके। तब युवती ने कागज व पेन मांगी। फिर लिखकर इस घटना की जानकारी दी। अस्पताल में हुए इस दुष्कृत्य से उसके पिता भी हैरान रह गए। आरोप है कि इसके बाद से लगातार युवती को बेहोशी की दवा दी जा रही है। ताकि, इस गंभीर मामले को दबाया जा सके।

English News

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com