शिवपाल ने कहा मुझे कभी की उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री नहीं बनना है

समाजवादी पार्टी के रजत जयंती समारोह के कर्ताधर्ता शिवपाल सिंह यादव ने आज मंच से अपनी बातों को सभी तक पहुंचा दिया। शिवपाल सिंह ने कहा कि इस समारोह में उत्तर प्रदेश के लोकप्रिय मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का स्वागत है। उन्होंने कहा कि पार्टी को यहां तक लाने में पार्टी के मुखिया मुलायम सिहं यादव के जीवन लग गया है। उन्होंने कहा कि मैं भी उनके साथ लगा रहता था। उन्होंने कहा कि इस दौरान मुझे काफी कुछ झेलना भी पड़ा। शिवपाल ने कहा कि मेरा जितना भी अपमान कर लेना, चाहे बर्खास्त कर लेना, लेकिन मुझे कभी भी मुख्यमंत्री नहीं बनना है।शिवपाल ने कहा मुझे कभी की उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री नहीं बनना है

शिवपाल ने कहा कि बतौर मंत्री हमने अखिलेश का बहुत सहयोग किया। अभी भी हमारी क्षमता काफी बड़ी है। आप जितना त्याग चाहोगे उतना देंगे, खून भी देंगे। उन्होंने कहा कि बतौर मुख्यमंत्री अखिलेश ने बहुत काम किया। हमने भी उनके साथ मंत्री के तौर पर काफी काम किया। इससे पहले भी तीन महीने के काम को खत्म करने में लोगों ने कई वर्ष लगा दिया। हमने प्रदेश के 25 सहकारी बैंक बंद होने से बचाया। शिवपाल ने कहा कि बंद हो रही बैंकों को मैंने शुरू कराया। अब वहां अच्छा काम हो रहा है। इस प्रदेश में 36 वर्ष से राजस्व संहिता लागू नहीं हो पा रही थी। प्रदेश के कई अधिकारियों ने काम में बहुत रोड़े अटकाए, इसके बाद भी हमने लागू करा दिया। मैंने अपने विभागों में बहुत काम किया। सिंचाई और राजस्व विभाग में बहुत काम किया।मैं हर अपमान सहूँगा उफ़ नहीं करूंगा ।मगर नेता जी का अपमान कभी कोई समाजवादी बर्दाश्त नहीं करेगा। पद पर वही रहेगा जो काम करेगा। बिना पद के ही लोहिया, जयप्रकाश, गांधी ने काम किया था। नेता जी मैं बिना पद के भी काम करते रहेगें।

शिवपाल ने कहा कि देश के पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गी चौधरी चरण सिंह नेताजी का बहुत मानते थे। इसकी कारण सब संघर्ष के साथी आज यहां पर एकत्र हैं। आज जनेश्वर मिश्रा पार्क में संघर्षों का जश्न मनाया जा रहा है। शिवपाल ने कहा कि लालू प्रसाद यादव साम्प्रदायिक शक्तियों से लड़ाई लड़ते हैं। हम लालू प्रसाद यादव का स्वागत करते हैं। लालू प्रसाद से हम लोगों का रिश्ता भी हो गया है। लालू यादव बड़े भाई की तरह है।

शिवपाल ने इस दौरान चौधरी अजित सिंह का भी स्वागत किया। शिवपाल ने कहा कि शरद यादव ने इंदिरा गांधी के खिलाफ जोखिम भरा चुनाव लड़ा था। हम लोग शरद यादव को उस दौर में अमेठी में गुंडों से बचा कर लाए थे। शरद यादव के साथ पैदल यात्रा भी की है। नेताजी के साथ ही पूर्व प्रधानमंत्री एसडी देवगौड़ा का हृदय की गहराईयों से स्वागत। देवगौड़ा ने सभी समाजवादियों को जोडऩे का काम किया,दक्षिण भारत से लेकर पूरे देश के समाजवादियों को जोड़ा। आज लोहिया और जनेश्वर जी को याद कर रहे हैं। देवगौड़ा का जीवन संघर्षों से भरा पड़ा है।

देश में 25 वर्ष समाजवादी इतिहास के पूरे कर रहे हैं। नेताजी के संघर्षों का परिणाम है कि हमारी उत्तर प्रदेश में तीन बार सरकार बनी थी। सपा प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल ने कहा कि नेताजी की पूरा जीवन संघर्षो का इतिहास है। उनकी प्रेरणा से आज यहां 467 एकड़ में ऐतिहासिक जनेश्वर मिश्र पार्क बना है।

सपा के रजत जयंती समारोह में शिवपाल व अखिलेश में दिखी गर्मजोशी

समाजवादी पार्टी की स्थापना के रजत जयंती समारोह के मंच पर आज मुख्यमंत्री अखिलेश यादव तथा पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव बेहद गर्मजोशी से मिले। समारोह शुरू होने से करीब आधा घंटा पहले जनेश्वर मिश्रा पार्क पहुंचे सीएम अखिलेश यादव ने काफी देर तक शिवपाल सिंह यादव के साथ मंच पर बातचीत की।

मंच पर पहुंचने के साथ ही सीएम अखिलेश व शिवपाल सिंह में बेहद गर्मजोशी दिखी। अखिलेश के साथ शिवपाल ने एक दूसरे से मुस्कुरा कर बात की। आज मंच पर परिवर्तन के अखिलेश के कुछ सुझाव को शिवपाल ने शामिल किया। चाचा-भतीजा ने आज के कार्यक्रम की रूपरेखा पर बात की।

मंच पर मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के साथ प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव, राज्यसभा सदस्य बेनी वर्मा व रेवती रमण सिंह के साथ कैबिनेट मंत्री बलराम यादव, विधानसभा अध्यक्ष माता प्रसाद पाण्डेय तथा पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष किरनमय नंदा भी मंच पर मौजूद है। इनके साथ ही कन्नौज से सांसद तथा सीएम की पत्नी डिंपल यादव, बदायूं से सांसद धर्मेन्द्र यादव ने भी मंच संभाल लिया है। लालू प्रसाद यादव, राम जेठमलानी, शरद यादव भी मंच पर मौजूद हैं। इनके साथ ही अहमद हसन, संयोजक गायत्री प्रसाद प्रजापति भगवती प्रसाद, पूर्व मंत्री ओम प्रकाश, नारद राय व शादाब फातिमा मौजूद हैं। इससे पहले मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने होटल ताज जाकर लालू प्रसाद यादव, पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा व जनता दल यूनाईटेड के महासचिव शरद यादव से की मुलाकात की।

मंच पर लगे फ्लेक्स में मुलायम और शिवपाल सिंह यादव की फोटो के साथ अखिलेश यादव का फोटो भी लगाया गया है। कार्यक्रम में अखिलेश से जुड़े गाने भी बज रहे हैं। शिवपाल ने बताया कि कार्यक्रम की अध्यक्षता नेताजी करेंगे और मुख्य अतिथि के तौर पर पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा मौजूद रहेंगे।

गेट पर धक्का-मुक्की

समाजवादी पार्टी के स्थापना के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आज के इस कार्यक्रम में शुरू होने से पहले ही वहां अव्यस्था दिखने लगी। एक ही गेट होने के चलते धक्का-मुक्की भी हुई। इसके बाद संयोजक गायत्री प्रसाद प्रजापति ने कार्यकर्ताओं से कहा कि अनुशासनहीनता नहीं चलेगी।

English News

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com