Unnao Case: विधायक की करीबी महिला शशि सिंह को भी सीबीआई ने किया गिरफ्तार!

लखनऊ: उन्नाव रेप कांड में सीबीआई दूसरी बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी भाजपा विधायक कुलदीप सिंह सेंगर की करीबी महिला शशि सिंह को भी देर रात गिरफ्तार कर लिया। वहीं कुलदीप सिंह सेंगर को कोर्ट ने सात दिनों के लिए न्यायकि हिरासत में भेज दिया है। रविवार को सीबीआई शशि सिंह को कोर्ट में पेश कर सकती है।


सीबीआई शशि सिंह को रविवार को कोर्ट में पेश करेगी। पीडि़ता ने आरोप लगाया था कि शशि ने ही उसे विधायक से मिलवाया था। वहीं शशि के बेटे शुभम को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। उधर सीबीआई ने शनिवार दोपहर करीब 12 बजे पीडि़ता का लखनऊ के लोहिया अस्पताल में मेडिकल चेकअप करवाया। एक्सरे भी करवाया ताकि उसकी सही उम्र की जांच की जा सके। तीन घंटे की जांच के बाद पीडि़ता को वापस उन्नाव भेज दिया गया।

मामले में सीबीआई ने सेंगर को एसीजेएम की अदालत में दोपहर बाद 3.45 बजे पेश किया। कोर्ट ने विधायक को पॉक्सो एक्ट में 7 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजने का फैसला सुनाया। इस दौरान सेंगर के वकील ने विरोध नहीं किया। इसके बाद कोर्ट ने सेंगर को 21 अप्रैल तक के लिए सीबीआई के सुपुर्द कर दिया।

इस दौरान सेंगर से उनके वकील मिल सकेंगे। पीडि़ता ने आरोप लगाया था कि शशि ही उसे चार जून 2017 को रात आठ बजे विधायक के पास नौकरी दिलाने के बहाने ले गई थी। आरोप है कि इसी दौरान कुलदीप सिंह सेंगर ने उसके साथ बलात्कार किया। उस समय उनके घर के आंगन में शशि मौजूद थी।

पीडि़ता की मां की ओर से दर्ज एफआईआर में शशि सिंह को सह आरोपी बनाया गया है। सीबीआई टीम ने विधायक से पूछताछ के बाद शनिवार को शशि सिंह से पूछताछ शुरू की। पूछताछ में वह खुद को बेगुनाह बताती रही। माना जा रहा है कि शशि और कुलदीप का पीडि़ता से एक साथ आमना.सामना कराया जा सकता है।

सूत्रों के अनुसार शशि के विधायक कुलदीप से पारिवारिक संबंध हैं। शशि का पति हरिपाल सिंह फौज में है। चार दिन पहले शशि सिंह पूरे परिवार के साथ लखनऊ आई थी और मीडिया के सामने खुद को बेकसूर बताया था। उसने पीडि़ता को लेकर कई सवाल खड़े किए थे।

English News

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com