प्रतिज्ञा यात्रा के दौरान प्रियंका गांधी वाड्रा ने की ये बड़ी घोषणाएं

लखनऊ, उत्तर प्रदेश में 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव में अपनी दमदार मौजूदगी दर्ज कराने के प्रयास में लगी कांग्रेस ने शनिवार को प्रदेश के तीन जिलों से कांग्रेस प्रतिज्ञा यात्रा को रवाना किया। नौ दिनी यह तीनों यात्राएं 27 जिलों में पहुंचेंगी। बाराबंकी में प्रतिज्ञा यात्रा को हरी झंडी दिखाने के बाद पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने बड़ी घोषणएं भी कीं।

बाराबंकी के तमरसेपुर ग्राम में कांग्रेस प्रतिज्ञा यात्रा को रवाना करने से पहले प्रियंका गांधी वाड्रा ने प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने पर पार्टी की प्राथमिकता की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि 2022 में हमारी पार्टी की सरकार बनने पर किसानों का सारा कर्ज माफ कर दिया जाएगा। इसके साथ ही 20 लाख लोगों को सरकारी नौकरी दी जाएगी। कांग्रेस विधानसभा चुनाव में महिलाओं के लिए 40 प्रतिशत सीट आरक्षित कर चुकी है। इसके साथ ही इंटर पास छात्राओ को स्मार्ट फोन तथा स्नातक छात्राओं को इलेक्ट्रानिक स्कूटी दी जाएगी। कांग्रेस की सरकार बनने पर गेहूं व धान का समर्थन मूल्य 2500-2500 रुपया तथा गन्ना का 400 रुपया प्रति क्विंटल रखा जाएगा। इसके साथ सरकार बनने पर गरीबों को 25-25 हजार रुपए की मदद और सबका बिजली बिल हाफ तथा कोरोना काल का बिल माफ होगा।

प्रियंका गांधी ने इन घोषणाओं के बाद कहा कि हम तो किसानों के हितैषी हैं। यूपी में हाल ही में लखीमपुर खीरी में क्ररता से किसानों को कुचलकर मारा गया है। यह ऐसा हादसा है जिससे पूरे देश को समझ आ रहा है कि यह सरकार किसानों का कैसे भला कर रही है। जिसने किसानों को कुचला उस को पकडऩे में सरकार ने कितनी देरी लगाई, आज तक उसका पिता मोदी जी की सरकार में मंत्री है। यह तो इनके काम की एक मिसाल है।

प्रियंका ने कहा कि उत्तर प्रदेश के किसान जानते हैं कि वह लोग कितने सालों से समस्याओं से जूझ रहे हैं। यह तो सब जानते हैं कि कांग्रेस ने पहले भी किसानों के 72 हजार करोड़ रुपये के कर्ज माफ किए थे। भाजपा के शासन में यूरिया और खाद महंगी हो गई है। बिजली का बिल बढ रहा है। आप कर्ज में डूब रहे हैं इसलिए हमने कर्ज माफ करने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासित प्रदेश छत्तीसगढ़ में सरकार 2500 में धान खरीद रही है उसी तरह से हम यहां भी 2500 रुपये में गेंहू और धान खरीदेंगे। हम किसानों को गन्ना का दाम 400 रुपये प्रति क्विंटल देंगे। प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि महिलाओं से आग्रह है कि आगे बढि़ए और आगे बढ़कर अपनी लड़ाई लड़ें।

 

English News

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com