 
		
		अयोध्या की रामलीला: टूटे पुराने रिकॉर्ड, 41 करोड़ लोगों ने ऑनलाइन देखी रामलीला
					
					
					
श्रीराम प्रेक्षागृह में फिल्मी कलाकार श्रीराम की गाथा को अपनी अदाकारी से जीवंत करने में जुटे हैं। फिल्मी रामलीला देश-विदेश के रामभक्तों के लिए आकर्षण का केंद्र बन रही है। रामलीला का दूरदर्शन के साथ ऑनलाइन प्लेटफार्म पर लाइव प्रसारण किया जा रहा है, इसे दर्शकों का खूब प्यार भी मिल रहा है। आंकड़े इसकी गवाही दे रहे हैं। तीन दिनों में ही ऑनलाइन प्लेटफार्म पर 41 करोड़ दर्शकों ने रामलीला देखी और रिकॉर्ड बना दिया। दुनिया के 40 देशों में 26 भाषाओं में इसका प्रसारण हो रहा है।
 
फिल्मी रामलीला समिति के अध्यक्ष सुभाष मलिक ने बताया कि अयोध्या में फिल्मी कलाकारों की रामलीला 2020 में शुरु हुई थी। ऑनलाइन प्लेटफार्म पर हर साल दर्शकों की संख्या बढ़ती गई। पिछले साल 40 करोड़ लोगों ने ऑनलाइन रामलीला देखकर रिकॉर्ड बनाया था। इस वर्ष तीन दिनों में ही पिछले साल का रिकॉर्ड टूट गया। उम्मीद है कि इस बार यह आकंड़ा 50 करोड़ के पार पहुंच जाएगा। बताया कि दूरदर्शन पर अब तक 22 करोड़, यू ट्यूब पर 17 करोड़ व अन्य प्लेटफार्म पर दो करोड़ लोगों ने रामलीला देखी है।
 
सुभाष मलिक बताते हैं कि रामलीला जब शुरु होती है तो शुरुआत के दो-तीन दिनों में ही दर्शक तेजी से जुड़ते हैं। ये दर्शक अंत तक बने रहते हैं। बाद में दर्शक बहुत कम जुड़ते हैं। देश-विदेश में करीब पांच हजार यू-ट्यूब चैनल व 70 सेटेलाइट चैनलों पर रामलीला का प्रसारण हो रहा है। रामलीला का नित्य लाइव प्रसारण शाम सात बजे से रात दस बजे तक किया जा रहा है।
 
								
								
								
								
			 TOS News Latest Hindi Breaking News and Features
TOS News Latest Hindi Breaking News and Features
				 
						
					 
						
					