उत्तराखंड के सांस्कृतिक शहर अल्मोड़ा के ऐतिहासिक मल्ला महल में पांच दिवसीय न्याय के देवता गोल्ज्यू महोत्सव का आयोजन किया गया है। बता दें कि बीते मंगलवार को इस महोत्सव का शुभारंभ केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा व विधायक मनोज तिवारी ने किया। इससे पहले महिलाओं ने नगर के बाजार में भव्य कलश यात्रा निकाली। इस शोभा यात्रा में उत्तराखंड के साथ विभिन्न राज्यों की सांस्कृतिक टीमों ने हिस्सा लिया। वहीं, विभिन्न स्कूलों के बच्चों ने भी शोभा यात्रा में शानदार प्रस्तुतियां दी।
केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा ने कहा कि गोल्ज्यू देवता को न्याय के रूप में जाना जाता है। इसी के साथ ही कहा कि समिति द्वारा गोलज्यू महोत्सव से सांस्कृतिक एवं धार्मिक विरासत आगे बढ़ेगी, जिसका लाभ युवा पीढ़ी को मिलेगा। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड प्रदेश सांस्कृतिक तौर पर काफी समृद्ध है। इस परंपरा को आगे बढ़ाना, समृद्ध करना और इसके संरक्षण की जिम्मेदारी सभी की है। वहीं,अजय टम्टा ने कहा कि इस पवित्र स्थान में गोल्ज्यू महोत्सव के कार्यक्रम में स्थानीय कलाकारों के साथ-साथ नई प्रतिभाओं को भी अवसर मिलेगा। इसके अलावा कार्यक्रम में गुजरात, महाराष्ट्र,हरियाणा, राजस्थान के कलाकार भी अपनी प्रतिभा दिखाएगें।
वहीं,इस मौके पर विधायक मनोज तिवारी ने कहा कि अल्मोड़ा में हम सब की आस्था के प्रतीक और न्याय के देवता के रूप में गोल्ज्यू महोत्सव का आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि भारत के प्रत्येक राज्य के लोग न्याय के देवता पर अपनी आस्था प्रकट करते है। इसी के साथ ही कहा कि इस महोत्सव के माध्यम से हमारे स्थानीय कलाकार लोगों व पर्यटकों को हमारी संस्कृति से रूबरू कराएंगे।
 TOS News Latest Hindi Breaking News and Features
TOS News Latest Hindi Breaking News and Features
				 
		
		 
						
					 
						
					