सबसे ज्यादा अनुशासित मानी जाने वाली पार्टी में नेताओं की गुटबाजी अब सड़क पर नजर आने लगी है। तीन दिन पहले हुए एक कार्यक्रम की खुन्नस में बुधवार को भाजपा युवा मोर्चा के एक पदाधिकारी ने पार्टी की महिला नेता को न सिर्फ रास्ते में रोककर गालीगलौज की वरन कपड़े भी खींचे। महिला नेता ने घटना की तहरीर फीलखाना थाने में दी है।
आर्यनगर विधानसभा क्षेत्र की महिला नेता के मुताबिक 11 अक्टूबर को पूर्व पार्षद ने राम नारायण बाजार में नए पुराने कार्यकर्ताओं का मिलन समारोह आयोजित किया था। उन्होंने सीसामऊ में रहने वाले युवा मोर्चा के एक पदाधिकारी पर आरोप लगाया कि उसने उनके खिलाफ फेसबुक पर आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी। उसी पोस्ट पर उन्होंने भी अपना जवाब लिख दिया। बुधवार दोपहर वह अपनी महिला मित्र के साथ बिरहाना रोड की तरफ आ रही थीं, तभी युवा मोर्चा का वही पदाधिकारी कुछ साथियों के साथ वहां आ गया। उसने गालीगलौज की और कपड़ों को पकड़ कर खींचा। इस पर महिला मित्र व वहां खड़े अन्य लोगों ने विरोध किया तो उसने जान से मारने की धमकी दी। एसओ फीलखाना सतीश चंद्र साहू ने बताया कि तहरीर मिली है। जो भी आरोप लगे हैं, उनकी जांच कर रिपोर्ट लिखी जाएगी। वहीं इस घटना को लेकर भाजपा पार्षद विकास जायसवाल और युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष नवाब ङ्क्षसह के बीच बिरहाना रोड पर तनातनी हो गई। दोनों पक्षों से नारेबाजी भी हुई। इसकी जानकारी दोनों ने जिलाध्यक्ष सुनील बजाज को भी दी। जिलाध्यक्ष के मुताबिक पार्टी कार्यकर्ताओं में कुछ मुंहाचाही हुई थी। दोनों पक्षों को बैठाकर समझाया जाएगा। इस संबंध में नवाब सिंह ने कहा कि कोई विवाद नहीं हुआ। वह पार्टी के एक कार्यकर्ता का जन्मदिन मनाने आए थे। वहीं विकास जायसवाल का फोन स्विच ऑफ रहा।
TOS News Latest Hindi Breaking News and Features