अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा के क्यूरियोसिटी रोवर ने मंगल की एक विहंगम तस्वीर खींची है। इस तस्वीर में लाल ग्रह का आकाश हल्के लाल और भूरे रंग का दिख रहा है, जो बीते कुछ हफ्तों से वहां चल रही धूलभरी आंधी के कारण और गहरा गया है।
क्यूरियोसिटी ने मंगल की यह तस्वीर अपनी वर्तमान स्थिति वीरा रुबिन रिज से उतारी। मास्ट कैमरे से रोवर ने खुद भी तस्वीर ली है, जिसमें यान के ऊपर धूल की मोटी परत भी दिख रही है। बीते कुछ महीनों से मंगल पर चल रही आंधी के कारण रोवर का कामकाज भी प्रभावित हुआ था। नासा ने लाल ग्रह के गेल क्रेटर का अध्ययन करने के लिए नवंबर, 2011 में क्यूरियोसिटी को लांच किया था। वैज्ञानिकों का अनुमान है कि इस क्रेटर का निर्माण एक झील के सूखने से हुआ है।
गत नौ अगस्त को एक चट्टान का नया नमूना लेने के बाद क्यूरियोसिटी ने अपने आसपास के क्षेत्र का सर्वे शुरू किया था। इससे पहले रोवर ने दो बार नमूने लेने की कोशिश की थी लेकिन कड़ी चट्टानों के कारण वह नाकाम रहा था। सितंबर तक रोवर चट्टान के दो और नमूने जुटाएगा। इसके बाद क्यूरियोसिटी अनुसंधान के लिए अपने अंतिम क्षेत्र माउंट शार्प की तरफ बढ़ेगा। इस क्षेत्र में सल्फेट खनिजों की भरमार है।
TOS News Latest Hindi Breaking News and Features