पीपीगंज क्षेत्र के ताल लिखिया निवासी सर्वजती चौहान की गला रेत कर हत्या कर दी गई है। बुधवार को सुबह उनका शव गांव से थोड़ी दूरी पर स्थित पुलिया के पास मिला है। हत्या की वजह नहीं पता चल पाई है। परिजनों ने किसी से कोई दुश्मनी होने से इन्कार किया है। पुलिस घटना की छानबीन में जुटी है। 
बाइक सवार अपने साथ लेकर गए थे
लालमन चौहान के पुत्र सर्वजीत (45) पेशे से राजगीर थे। शनिवार की शाम को वह घर पर ही थे। परिवार के लोगों के मुताबिक सात बजे के आसपास बाइक सवार दो लोग उनसे मिलने आए थे। दोनों ने हेलमेट पहन रखा था। कुछ देर बाइक सवारों से बातचीत करने के बाद सर्वजीत बिना किसी को कुछ बताए उन्हीं के साथ चले गए। इसके बाद घर नहीं लौटे। कभी-कभी रात में वह मछली पकडऩे चले जाते थे और दूसरे दिन सुबह घर आते थे। इसलिए परिवार के लोगों ने रात में उनके घर न आने पर ध्यान नहीं दिया।
गांव से थोड़ी दूर पुलिया के पास मिला शव
बुधवार को सुबह टहलने निकले ग्रामीणों ने गांव से थोड़ी दूर मुख्य रास्ते पर बनी छोटी पुलिया के पास उनका शव देखकर पुलिस को सूचना दी। गले पर धारदार हथियार से वार किया गया था। क्षेत्राधिकारी कैंपियरगंज दिनेश कुमार सिंह और पीपीगंज थानेदार राजेंद्र मिश्र, डाग स्क्वाड के साथ मौके पर पहुंचकर काफी देर तक छानबीन की लेकिन हत्यारों का कोई सुराग नहीं लग पाया। डाग स्क्वाड का खोजी कुत्ता भी आसपास घूमकर लौट आया। सर्वजीत की एक बेटी और दो बेटे हैं। बेटी की शादी हो चुकी है। बड़ा बेटा रामसिंह इंटर की पढ़ाई करने के बाद घर पर ही रहता है। दूसरा बेटा जीतेंद्र नवीं कक्षा में पढ़ रहा है।
TOS News Latest Hindi Breaking News and Features