प्रचंड गर्मी की मार झेल रहे दिल्ली एनसीआर में अब मौसम का मिजाज बदला हुआ है। शुक्रवार को सुबह से ही ठंडी हवा चल रही है और आसमान में बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग ने आज बारिश की संभावना जताई है। लेकिन इसके दो दिन बाद फिर से दिल्ली को प्रचंड गर्मी और लू से जूझना पड़ेगा।
पश्चिमी विक्षोभ के कारण बुधवार रात हुई हल्की बूंदाबांदी व तेज हवाओं के कारण तापमान में करीब पांच डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। बीते कई दिन से 44-45 डिग्री चल रहा तापमान बृहस्पतिवार को लुढ़ककर 40 डिग्री पहुंच गया। इसके साथ ही न्यूनतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। आयानगर और जाफरपुर को छोड़कर मौसम विभाग के कई केंद्रों पर तापमान 40 डिग्री से नीचे ही दर्ज किया गया। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि राहत दो दिन की है। 23 जून से एक बार फिर से दिल्ली झुलसेगी।
राजधानी में गुरुवार को अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 40 डिग्री और न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 29.6 डिग्री सेल्सियस रहा। आयानगर में सबसे अधिक 40.6 तापमान दर्ज हुआ जबकि जाफरपुर में तापमान 40 डिग्री रहा। पीतमपुरा में 39.7, पालम में 39.6, पूसा में 38.1 और नजफगढ़ में 38 डिग्री तापमान रहा।
मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को भी लगभग ऐसा ही मौसम बना रहेगा और झुलसा देने वाली गर्मी और लू से राहत रहेगी। तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री रहने का अनुमान है। वहीं बादल छाए रहने, धूल भरी आंधी, हल्की बारिश, 30-40 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं चलने की भविष्यवाणी भी मौसम विभाग ने की है। पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म होने पर रविवार से एक बार फिर से पारा चढऩा शुरू होगा। 22 जून को तापमान 41 डिग्री और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री रहने का अनुमान है। 23 व 24 जून को तापमान 43 डिग्री और न्यूनतम तापमान 30-32 डिग्री के बीच रहेगा।
आयानगर 40.6 29.0
जाफरपुर 40.0 27.8
पीतमपुरा 39.7 29.4
पालम 39.6 28.4
लोदी रोड 39.4 28.2
पूसा 38.1 27.8
नजफगढ़ 38.0 28.3
TOS News Latest Hindi Breaking News and Features