राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा के मौके पर देश की राजधानी दिल्ली राममय हो गई। सोमवार सजावट हर तरफ नजर आई। सड़कों व गलियों में दिन भर राम नाम के झंडे लहराते रहे। जगह-जगह सजावट में लगे फूल खुशबू बिखेर रहे थे।
मंदिरों में सुबह से रामनाम की धुन गूंजने लगी। दिन चढ़ते ही बाजारों, मंदिरों व आवासीय इलाकों में लगी स्क्रीन पर दिल्लीवासियों ने अयोध्या से प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव लाइव देखा। केंद्रीय मंत्री अमित शाह, राजनाथ सिंह, अश्विनी वैष्णव समेत दूसरे केंद्रीय मंत्री दिल्ली के अलग-अलग मंदिरों में महोत्सव के साक्षी बने। उधर, मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, उनके कैबिनेट सहयोगी और विधायक अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित भंडारे में पहुंचे। इस दौरान आप नेताओं ने शोभा यात्रा भी निकाली। अंधेरा होने से पहले दिल्ली दिवाली की तरह की जगमगाने लगी। आवासीय कालोनियों में लोग दीप जलाकर प्राण प्रतिष्ठा के बाद खुशी का इजहार किया।
दूसरी तरफ मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने नई दिल्ली विधान सभा के कई आयोजनों में हिस्सा लिया। जबकि कैबिनेट मंत्री सौरभ भारद्वाज व आतिशी ग्रेटर कैलाश व कालकाजी में मौजूद रहीं। आप के दूसरे सभी विधायकों ने अपनी विधान सभाओं में सुंदर कांड का पाठ करने के साथ शोभा यात्रा निकाली और भंडारा लगाया।
TOS News Latest Hindi Breaking News and Features