उत्तर प्रदेश के देवरिया में पुलिस ने शुक्रवार की भोर में नेहाल सिंह हत्याकांड के में शामिल दो बदमाशों को मुठभेड़ में दबोच लिया। बदमाशों को पैर में गोली लगी है। उन्हें मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। इस घटना में शामिल तीन शूटरों को 12 नवंबर को पुलिस ने मुठभेड़ में गिरफ्तार किया था।
आरोपियों ने गोली मारकर की थी हत्या
बता दें कि जिले के सुरौली थाना क्षेत्र में जद्दु परसिया के पास मुख्य मार्ग पर 7 नवंबर को शुभम सिंह उर्फ नेहाल सिंह पुत्र विश्वजीत सिंह निवासी-समोगर थाना मदनपुर देवरिया की अज्ञात व्यक्तियों द्वारा गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी। जिसके संबंध में थाना सुरौली पर मृतक की मां गायत्री देवी की तहरीर पर अज्ञात बदमाशों के विरूद्ध मुकदमा दर्ज करते हुए अभियुक्तों की गिरफ्तारी एवं घटना के अनावरण हेतु पुलिस टीमों का गठन किया गया था। पुलिस टीम द्वारा इलेक्ट्रानिक साक्ष्यों के माध्यम से आरोपियों की शिनाख्त करते हुए उनकी गिरफ्तारी हेतु सम्भावित स्थानों पर दबिश दी जा रही थी।
आरोपियों के पैर में लगी गोली
इस मामले की जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुलिस की जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने के कारण दोनों आरोपी घायल हो गए। इस मामले में दो आरोपी अनुराग गुप्ता और आशीष पांडेय को मुखबिर की सूचना पर आज तड़के गांव मरकटिया के पास पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। पैर में गोली लगने के कारण दोनों घायल हो गए जिन्हें यहां महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। इसमें बताया गया कि आरोपियों के पास से पुलिस ने एक पिस्तौल, तमंचा तथा मोटरसाइकिल बरामद किए हैं।
मामले में कुल 5 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार नेहाल सिंह हत्याकांड में 12 नवंबर को भी मुठभेड़ के बाद तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। उसने बताया कि इस मामले में अब तक कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस ने बताया कि आज गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों की पूछताछ की जा रही है और मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
 TOS News Latest Hindi Breaking News and Features
TOS News Latest Hindi Breaking News and Features
				 
		
		 
						
					 
						
					