पूजा हेगड़े संग रोमांटिक हुए प्रभास, फ़र्स्ट लुक अपने फैंस को किया समर्पित

बाहुबली प्रभास के फैंस के लिए ख़ुशख़बरी है। उनकी बहुप्रतीक्षित फ़िल्म ‘राधे श्याम’ का फ़र्स्ट लुक रिलीज़ कर दिया गया है। पहले पोस्टर पर प्रभास लीडिंग लेडी पूजा हेगड़े के साथ रोमांटिक अंदाज़ में नज़र आ रहे हैं। प्रभास ने फ़र्स्ट लुक अपने फैंस को समर्पित किया है। ‘राधे श्याम’ प्रभास के करियर की 20वीं फ़िल्म है, इसलिए इसकी पहली झलक दिखाने के लिए 10 जुलाई का दिन चुना गया, क्योंकि इस तारीख़ की उनके फ़िल्मी करियर में अहम भूमिका है।

दरअसल, 2015 में 10 जुलाई को प्रभास की सुपर हिट फ़िल्म ‘बाहुबली- द बिगिनिंग’ रिलीज़ हुई थी, जिसने उन्हें कामयाबी की बुलंदी पर पहुंचा दिया था। राधे श्याम का फ़र्स्ट लुक रिलीज़ करने के लिए बाहुबली की 5वीं सालगिरह से बेहतर मौक़ा भला और क्या हो सकता है। प्रभास ने इंस्टाग्राम पर फ़र्स्ट लुक जारी करने के साथ लिखा- मेरे चाहने वालों, यह आपके लिये है। उम्मीद है कि आपको पसंद आएगा।

राधे श्याम के पोस्टर अंग्रेज़ी के अलावा तेलुगु और हिंदी में भी जारी किये गये हैं। फ़िल्म का निर्देशन राधा कृष्ण कुमार कर रहे हैं, जबकि इसके निर्माताओं में वामसी कृष्णा रेड्डी, प्रमोद उप्पलपति और भूषण कुमार शामिल हैं। यह प्रभास के करियर की 20वीं फ़िल्म है। इसीलिए इसे ग्रैंड लेवल पर बनाया जा रहा है।

फ़िल्म का एलान 5 सितम्बर 2018 को किया गया था। तब इसका अस्थायी शीर्षक ‘प्रभास 20’ ही रखा गया था। फ़िल्म में हिंदी सिनेमा की वेटरन एक्ट्रेस भाग्यश्री भी एक अहम रोल में नज़र आएंगी। राधे श्याम एक पीरियड फ़िल्म है, जिसकी कहानी 70 के दौर के यूरोप में सेट की गयी है।

फ़िल्म तेलुगु के साथ हिंदी भाषा में भी बनाई गयी है। 2017 में बाहुबली 2- द कनक्लूज़न के बाद प्रभास की यह तीसरी फ़िल्म होगी, जिसे हिंदीभाषी दर्शकों के लिए भी बनाया गया है। इससे पहले साहो आयी थी, जो हिंदी और तेलुगु में बनायी गयी थी। श्रद्धा कपूर ने साहो में फीमेल लीड रोल निभाया था। साहो के लिए प्रभास ने हिंदी में ख़ुद डबिंग भी की थी।

English News

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com