मौसम विभाग की इस बार मानसून में अच्छी बारिश की घोषणा का बड़ा असर दिख रहा है। गुरुवार को पूर्वी उत्तर प्रदेश के जिलों में जमकर बरसने के बाद बादलों ने अब मध्य तथा पश्चिमी उत्तर प्रदेश का रुख कर लिया है। दोपहर बाद तक लखनऊ के पास के जिलों के साथ ही पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिलों में भी जमकर बारिश होगी। फिलहाल उत्तर प्रदेश बादलों की आगोश में है।
मध्य तथा पश्चिमी उत्तर प्रदेश के दो दर्जन से अधिक जिलो में दोपहर के बाद तक बारिश की संभावना है। इनमें राजधानी लखनऊ के साथ ही पास के जिलों अयोध्या, अमेठी, रायबरेली, बाराबंकी, बहराइच, फर्रुखाबाद, कानपुर नगर तथा कानपुर देहात में जमकर बरसात की संभावना है। इसके साथ ही मैनपुरी, शाहजहांपुर, एटा, कासगंज, बदायूं, बरेली, पीलीभीत, रामपुर, मुरादाबाद, संभल, अमरोहा, सहारनपुर, बागपत, शामली सहित अन्य जिलों में भी मेघ मेहरबान होंगे। प्रदेश का लगभग हर भाग फिलहाल बादलों से ढंका है। जिसके कारण मौसम खुशनुमा बना है। कई जगह पर बादलों की आवाजाही के बीच कुछ पलों के लिए ही धूप के दर्शन हो रहे हैं। इसी कारण तापमान में बढ़ोतरी नहीं हो रही है। ठंडी हवा चलने से उमस से भी राहत है।
बिहार की सीमा से लगे प्रदेश के जिलों से लेकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिलों में बादलों का जमावड़ा है। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक 20 जून तक ऐसी ही स्थिति बनी रहेगी। फिलहाल किसी जिले में भारी से भारी बारिश का कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। प्रदेश में अगले दो-तीन दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।
प्रदेश के ज्यादातर हिस्से में बादलों का जमावड़ा है लेकिन मौसम विभाग ने मध्य तथा पश्चिमी उत्तर प्रदेश तक दो दर्जन जिलों में दोपहर या दोपहर बाद तक बारिश की संभावना जताई है। इन जिलों में 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा भी चलेगी। पिछले 24 घंटे में पूर्वी यूपी से लेकर पश्चिमी यूपी तक के कई जिलों में भारी बारिश रिकॉर्ड की गई है। वाराणसी में सबसे ज्यादा बारिश हुई है। यहां प्रदेश में सबसे ज्यादा 96 मिलीमीटर बरसात दर्ज की गई। मेरठ में 84 मिलीमीटर, गाजीपुर में 14, चुर्क में 12 मिलीमीटर तथा मुजफ्फरनगर में 16 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
मौसम खुशगवार, उमस से राहत
बीते 24 घंटे में प्रदेश के किसी भी शहर में दिन का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच नहीं पाया। दिन का अधिकतम तापमान गुरुवार को प्रदेश में सबसे ज्यादा झांसी में 39 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बाकी शहरों में तापमान या तो 35 डिग्री सेल्सियस के नीचे रहा या इसके आसपास रहा। इसके साथ ही रात के न्यूनतम तापमान में भी कमी दर्ज की गई है।
TOS News Latest Hindi Breaking News and Features