नर्मदा बचाओ आंदोलन से जुड़े कार्यकर्ताओं पर अज्ञात बदमाशों ने हमला किया है। नबाओ कार्यकर्ताओं के मुताबिक रेत माफिया ने उनकी गाड़ियों पर पथराव किया है। फिलहाल बड़ी संख्या में कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट पहुंचे हैं।
जानकारी के मुताबिक बड़वानी के राजघाट क्षेत्र में नर्मदा बचाओ आंदोलन के कार्यकर्ताओं पर अज्ञात लोगों द्वारा हमला किया गया है। कार्यकर्ताओं की दो गाड़ियों पर पत्थर बरसाए गए हैं, जिससे गाड़ियों के कांच फूट गए हैं। कुछ कार्यकर्ताओं को चोटें भी आईं है।
कार्यकर्ताओं ने बताया कि घटना बड़वानी फिल्टर प्लांट के पास हुई। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि ये हमला भिलखेड़ा, कल्याणपुरा और बड़वानी के रेत माफियाओं द्वारा कराया गया है। कार्यकर्ताओं की रिपोर्ट पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची है। पुलिस के मुताबिक कार्यकर्ताओं के बयान के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है और अब पूरे मामले की जांच की जा रही है।
इधर नर्मदा बचाओ कार्यकर्ताओं पर हमले की सूचना मिलते ही कई कार्यकर्ता खनिज विभाग कार्यालय का घेराव करने कलेक्ट्रेट पहुंचे। विरोध स्वरुप इन कार्यकर्ताओं ने खनिज विभाग कार्यालय के बाहर ही धरना शुरू कर दिया है।
TOS News Latest Hindi Breaking News and Features