उत्तर प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से प्रदेश के कई जिलों में बारिश हुई और पहाड़ों से आई ठंडी हवाओं ने लोगों को कांपा दिया है। ठंडी हवाओं की वजह से पूरे प्रदेश का पारा लुढ़का और ठिठुरन बढ़ गई है। राजधानी में शनिवार सुबह बूंदाबांदी व हल्की बारिश से दिन का पारा 2.4 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया। बादल और ठंडी हवाओं की वजह से दिन में लोगों ने गलन महसूस की। इसी बीच मौसम विभाग ने जानकारी दी कि रविवार से मौसम शुष्क रहेगा। दो दिनों में रात के पारे में 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है।
कई जिलों में होगी बारिश
मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक, पहाड़ों से आ रही उत्तरी-पछुआ हवा अब ठिठुरन बढ़ाएगी। दरअसल, पहाडों पर बारिश बर्फबारी के कारण वाराणसी सहित पूर्वांचल के कई जिलों में मौसम का मिजाज बदल गया। दिन में करीब दो घंटे तक रिमझिम बारिश होने से सर्दी बढ़ गई। आसमान में दिनभर बादल छाए रहे। वाराणसी में अधिकतम तापमान में छह डिग्री और मऊ, सोनभद्र में चार-चार डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई। सोनभद्र में मौसम विभाग की ओर से येलो अलर्ट जारी किया गया है। आगामी दो दिनों में जिले में तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना जताई गई है।
हल्की बारिश व गलन के बीच सामान्य जनजीवन प्रभावित
भदोही जिले में शनिवार की सुबह आसमान में छाए बादलों के कारण हल्की फुल्की बारिश हुई। वातावरण में नमीं के कारण गलन बढ़ने से सामान्य जनजीवन पर विपरीत प्रभाव देखा गया। मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण 29 दिसंबर में बादलयुक्त मौसम होने से भदोही जनपद में हल्की बारिश का प्रभाव देखा जा सकता है, जिससे दिन के तापमान में थोड़ी कमीं तथा रात में तापमान में वृद्धि होने से दिन का तापमान लगभग 22 डिग्री सेल्सियस तथा रात का तापमान 12 डिग्री सेल्सियस देखें जाने के आसार हैं।
दो दिनों बाद पछुआं हवा होने से तापमान में कमीं के साथ गलन में वृद्धि के आसार हैं। वहीं, शुक्रवार और शनिवार को छिटपुट हुई बारिश व गलन के कारण सर्वाधिक परेशानी छोटे छोटे बच्चों को हुई जो सुबह स्कूल के लिए निकले थे लेकिन लौटते समय वह भीग गये। खराब मौसम के कारण सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ।
 TOS News Latest Hindi Breaking News and Features
TOS News Latest Hindi Breaking News and Features
				 
		
		 
						
					 
						
					