भाजपा लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुट गई है। इसे लेकर नेताओं व कार्यकर्ताओं की लगातार बैठकें हो रही हैं। वहीं, 23 सितंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में पूर्वाचल महाकुंभ का आयोजन करके पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह चुनाव प्रचार का शंखनाद करेंगे। इसके बाद एक माह के भीतर भाजपा दिल्ली में दो और रैली आयोजित करेगी। इसके जरिये वह कार्यकर्ताओं में जोश भरना चाहती है, ताकि लोकसभा चुनाव में जीत की राह आसान हो सके।
भाजपा दिल्ली में एक बार फिर से 2014 लोकसभा चुनाव की जीत दोहराना चाहती है। यहां की सभी सातों सीटों पर एक बार फिर से भगवा परचम लहराए, इसके लिए रणनीति तैयार कर ली गई है। पार्टी अपने परंपरागत वोट बैंक को बनाए रखने के साथ ही नए लोगों को साथ जोड़ने की रणनीति पर काम कर रही है। उसकी नजर दिल्ली की चुनावी सियासत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले पूरबिया मतदाताओं पर है।
इस रैली में भीड़ जुटाकर यह संदेश देने की कोशिश है कि पूरबिया लोग अब भाजपा के साथ हैं। भाजपा पूर्वाचल मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष मनीष सिंह का कहना है कि महाकुंभ में राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद, राधामोहन सिंह, डॉ. हर्षवर्धन, धर्मेद्र प्रधान, मनोज सिन्हा, गिरिराज सिंह, अश्विनी चौबे, शिव प्रताप शुक्ला, दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी व दिल्ली के सभी सांसदों के साथ ही दिल्ली व पूर्वाचल से जुड़े अन्य नेता शामिल होंगे।
TOS News Latest Hindi Breaking News and Features