नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के करावल नगर इलाके में स्थित जौहरीपुर में गुरुवार सुबह चाय बनाने को लेकर हुए झगड़े में एक शख्स ने अपनी पत्नी पर खिड़की का कांच तोड़कर वार कर दिया। मां की चीख सुनकर उसकी तीन बेटियां बचाने के लिए मौके पर पहुंची, तो आरोपी पिता ने उन पर भी हमला कर दिया। जानकारी के अनुसार, परिवार में पति भीमसेन के अतिरिक्त तीन बेटियां काजल, तनु और अनु थीं।

पति को शराब पीने की आदत है और वह कोई कामकाज भी नहीं करता है। बड़ी बेटी काजल एक प्राइवेट बैंक में नौकरी करती है। वहीं तनु डीयू के एक कॉलेज से पढ़ाई कर रही है, जबकि मृतक छोटी बेटी अनु ने इसी साल 12वीं की एग्जाम दी थी। सुबह लगभग साढ़े छह बजे उसकी मां संगीता परिवार के लिए खाना बना रही थी। इसी बीच पिता भीमसेन उठा और पत्नी से चाय बनाने को कहा। संगीता ने कहा कि खाना बनाने के बाद वह चाय बना देगी, तो इस बात पर भीमसेन आगबबूला हो गया। उसने खिड़की का कांच तोड़कर पत्नी की गर्दन पर मार दिया। संगीता ने बेटियों को आवाज दी तो उसने बेटी काजल, अनु, तनु और संगीता को भी कांच मारकर जख्मी कर दिया।
हमले में जख्मी 18 साल की सबसे छोटी बेटी ने दम तोड़ दिया है, जबकि अन्य दोनों बेटियों और पत्नी का गुरुतेग बहादुर अस्पताल में उपचार चल रहा है। बड़ी बेटी काजल की हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं, आरोपी हमलावर मौके से भाग निकला। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी भीमसेन की खोजबीन शुरू कर दी है।
TOS News Latest Hindi Breaking News and Features