आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक व दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल गुरुवार को यानी आज (16 मई) यहां समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव के साथ एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करेंगे। पार्टी सूत्रों ने यहां बताया कि समाजवादी पार्टी के प्रदेश दफ्तर में यह प्रेस कॉन्फ्रेंस सुबह 10 बजे आयोजित की जाएगी। उत्तर प्रदेश में इंडिया गठबंधन के प्रदर्शन के लिहाज से यह प्रेस कॉन्फ्रेंस महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
गौरतलब है कि बुधवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडगे ने समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव के साथ एक साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया था और भारतीय जनता पार्टी सरकार को तानाशाह बताते हुए उससे संविधान को खतरा बताया था।
कांग्रेस अध्यक्ष खरगे का दावा, ”चार जून के बाद इंडिया गठबंधन सरकार बनायेगा”
आपको बता दें कि कांग्रेस अध्यक्ष खरगे और समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव बुधवार को राजधानी लखनऊ में एक संयुक्त पत्रकार वार्ता को संबोधित किया। मिली जानकारी के मुताबिक, इस दौरान खरगे ने कहा कि देश में चुनाव के चार चरण संपन्न हो चुके हैं। विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) मजबूत स्थिति में है। मैं पूरे विश्वास के साथ कह सकता हूं कि हिंदुस्तान की जनता ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की विदाई तय कर दी है। चार जून को ‘इंडिया’ गठबंधन नई सरकार बनाने जा रहा है।” उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ताकत की बात करते हैं, लेकिन वह बार बार संविधान बदलने की बात करने वालों पर कार्रवाई क्यों नहीं करते? खरगे ने कहा कि यह देश के भविष्य का चुनाव हैं, सबके हक को बचाने का चुनाव है। उन्होंने कहा कि देश के भविष्य को बचाने के लिये सबको मिलकर काम करना होगा। उन्होंने कहा कि अगर लोकतंत्र को बचाना हैं तो सबको एकजुट होना पड़ेगा।
TOS News Latest Hindi Breaking News and Features