- विरोध करने पर दीवार से टकराया सिर
- मासूम बेटे का गला दबाने की भी कोशिश की
- भागते वक्त आरोपी चेन व टाप्स लूट ले गया
- जानेकीपुरम इलाके की है घटना
लखनऊ जानकीपुरम इलाके में घर में अकेली महिला के साथ उसके किरायेदार के एक दोस्त में दुराचार करने की कोशिश की। महिला ने जब इसका विरोध किया तो आरोपी ने महिला के साथ मारपीट की और उसके मासूम बेटे की गला दबाकर हत्या करने की कोशिश की। आरोप है कि दबंग महिला के कान के टाप्स व चेन भी लूट ले गया। इस मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। जानकीपुरम विस्तार इलाके में एक महिला अपने पति और दो वर्षीय बेटे के साथ चाचा के मकान में रहती है। पीडि़ता के पति की चारबाग में ई-टिकटिंग की शॉप है। मकान के पहली मंजिल पर दीपक और राकेश नाम के दो सगे भाई भी किराये पर रहते हैं और दोनों प्राइवेट काम करते है। बताया जाता है कि दीपक के घर में उसके एक साथी का भी आनाजाना है। सोमवार दोपहर महिला व उसका बेटे घर में मौजूद थे। इस बीच दीपक का दोस्त आ गया और भूख लगने की बात कहकर पीडि़ता से खाना मांगा। पीडि़ता खाना लेने किचन में चली गयी। आरोप है तभी उसने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर उसके साथ दुराचार करने की कोशिश की। महिला ने जब आरोपी की इस हरकत का विरोध किया तो आरोपी ने उसका सिर दीवार पर टकरा दिया जिससे वह लहूलुहान हो गयी। इसके बावजूद भी घायल महिला ने हिम्मत दिखायी और आरोपी को पकड़ लिया। खुद को फंसता देख आरोपी ने महिला के मासूम बेटे उठा लिया और उसका गला दबाकर मारने की धमकी देने लगा। बेटे का बचाने के लिए महिला ने आरोपी को छोड़ दिया। इसके बाद आरोपी भागते वक्त महिला के गले से सोने की चेन व टॉप्स लूट कर भाग निकला। आरोपी के भागने के बाद महिला ने मदद के लिए शोर मचा दिया। शोर होते ही आसपास के लोग जमा हो गये। सूचना मिलते ही जानकीपुरम पुलिस भी पहुंच गयी। लोगों ने घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। पत्नी के साथ घटना की सूचना पाकर उसका पति भी घर पहुंच गया। इस मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस ने दीपक के भाई राकेश को हिरासत में ले लिया है और आरोपी के बारे में जानकारी जुटाने में लगी है।
TOS News Latest Hindi Breaking News and Features