अभी नौ दिन पहले ही हुई थी अमर दुबे की शादी, साए की तरह रहता था विकास के साथ

हमरीपुर में एसटीएफ और पुलिस के एनकाउंटर में मारा गया अमर दुबे फरार मोस्टवांटेड विकास दुबे का दहिना हाथ कहा जाता है। वह विकास के साथ चौबीस घंटे साए की तरह साथ रहता था। अमर पर चौबेपुर समेत कई थानों में मुकदमे दर्ज हैं, उसकी उम्र 23 से 24 साल बताई जा रही है। नौ दिन पहले ही विकास ने लड़की वालों पर दबाव बनाकर घर पर ही उसकी शादी कराई थी।

साए की तरह विकास के साथ रहता था अमर

चौबेपुर के बिकरू गांव में सीओ समेत आठ पुलिसकर्मियों की हत्या के मामले में ढाई लाख के इनामी मोस्ट वांटेड विकास दुबे के पारिवारिक भतीजे अमर दुबे काे बुधवार की सुबह एसटीएफ ने हमीरपुर के मौदहा रोड के पास मुठभेड़ में मार गिराया। अमर विकास दुबे का दाहिना हाथ था और उसकी गाड़ी चलाने के साथ सुरक्षा में 24 घंटे साए की तरह रहता था। पुलिस द्वारा वारदात में विकास के साथ शामिल रहे शॉर्प शूटरों में उसका भी नाम था और उसपर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। मंगलवार को पुलिस द्वारा जारी पोस्टर में अमर दुबे की भी तस्वीर थी और उसे विकास के पांच गुर्गों में सबसे खास बताया गया है।

एनकाउंटर में मारे गए अतुल का भतीजा था अमर दुबे

अमर दुबे के पिता संजू दुबे की सात वर्ष पहले सड़क हादसे में मौत हो चुकी है, वहीं उसके चाचा अतुल दुबे को घटना के दूसरे दिन एनकाउंटर में पुलिस ने मार गिराया था। उसकी मां क्षमा दुबे को पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार करके जेल भेजा दिया था, उसके खिलाफ वारदात में शामिल अपराधियों को भगाने में सहयोग करने का आरोप लगाया था। पुलिस के अनुसार अमर के खिलाफ चोबेपुर थाने में हत्या के प्रयास, मारपीट व लूट के पांच मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब शिवली और शिवराजपुर थाने में उसका आपराधिक इतिहास खंगाल रही है। उसके पिता संजीव उर्फ संजू दुबे के खिलाफ भी 12 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।

लड़की वालों ने विकास के दबाव में की थी शादी

बताया गया है कि अमर दुबे की शादी तय हो गई लेकिन उसके आपराधिक इतिहास का पता चलने के बाद लड़की वालों ने इनकार कर दिया था। इसपर विकास दुबे बीच में आ गए थे और लड़की वालों पर शादी का दबाव डाला था। इसके बाद विकास ने लड़की वालों को बिकरू गांव में घर पर ही बुलाकर 29 जून को अमर की शादी कराई थी। शादी के बाद दूसरे दिन लड़की वाले चले गए थे।

English News

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com