अमेरिका, रूस और जापान ने भारत को उसके 75वें स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी है। ट्विटर पर रूसी राजदूत निकोले कुदाशेव ने ट्वीट किया कि सभी भारतीयों को स्वतंत्रता दिवस 2021 पर तहे दिल से बधाई! हमें इसमें कोई संदेह नहीं है कि भारत नई उपलब्धियों और बड़े लक्ष्यों की ओर आगे बढ़ेगा! नई दिल्ली में जापान के राजदूत सतोशी सुजुकी ने भारत को बधाई देते हुए कहा कि हम अपने भारतीय दोस्तों के साथ भारत का स्वतंत्रता दिवस मनाना चाहते हैं।
इससे पहले, अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने भारत को शुभकामनाएं देते हुए कहा था कि नई दिल्ली और वाशिंगटन को दुनिया को दिखाना चाहिए कि दो महान और विविध लोकतंत्र हर जगह लोगों के लिए काम कर सकते हैं। एक बयान में बाइडन ने कहा कि मैं आज भारत में संयुक्त राज्य अमेरिका में और दुनिया भर में जश्न मनाने वाले सभी लोगों को एक सुरक्षित और खुशहाल भारतीय स्वतंत्रता दिवस की कामना करता हूं। 15 अगस्त, 1947 को, भारत ने अपनी लंबी यात्रा के बाद आजादी हासिल की। उन्होंने कहा कि भारत को ये आजादी महात्मा गांधी के सत्य और अहिंसा के संदेश द्वारा निर्देशित होकर मिली।
भारत रविवार को अपना 75वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और नई दिल्ली में लाल किले की प्राचीर से राष्ट्र को पारंपरिक संबोधन दिया।
TOS News Latest Hindi Breaking News and Features