नई दिल्ली: लोकसभा चुनाव 2019 को लेकर सभी राजनीतिक पार्टियों की तैयारियां लगभग अंतिम दौर में हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी तक सभी पूरे जोश के साथ चुनाव प्रचार में लगे हुए हैं। 11 अप्रैल को पहले चरण का चुनाव होना है ऐसे में सभी राजनीतिक दल जनता को लुभाने में जुट गए हैं। लोकसभा चुनाव 2019 के लिए पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी आज कांग्रेस का घोषणा पत्र जारी करेंगे।

माना जा रहा है कि कांग्रेस घोषणा पत्र में कई लोक लुभावन वादों का एलान कर सकती है। कांग्रेस अपने घोषणा पत्र में न्याय योजना के तहत गरीब परिवारों को 72 हजार रुपये देने से लेकर कई महत्वपूर्ण वादों की झड़ी लगा सकती है। कुछ दिन पहले ही राहुल गांधी ने वादा किया था कि अगर कांग्रेस सत्ता में आती है तो छह महीने के भीतर ये योजना लागू कर दी जाएगी।
इसके तहत कांग्रेस ने देश के 20 प्रतिशत सबसे गरीब परिवारों को सालाना 72000 रुपये देना का वादा किया था। कांग्रेस घोषणा पत्र में 22 लाख युवाओं को नौकरियां देने का वादा भी कर सकती है। कांग्रेस के लिए तीन तलाक कानून भी एक बड़ा मुद्दा है। कांग्रेस का मानना है कि इस कानून में कई खामियां है। कांग्रेस घोषणा पत्र में इसे रद करने का एलान भी कर सकती है।
TOS News Latest Hindi Breaking News and Features