आठ सितंबर से मुंबई के लिए इवनिंग फ्लाइट शुरू हो रही है। गोरखपुर से मुंबई के लिए यह तीसरी फ्लाइट होगी। विमानन कंपनी स्पाइस जेट के प्रस्ताव को मंजूरी देने के साथ ही एयरपोर्ट अथॉरिटी ने उड़ान का शेड्यूल जारी कर दिया है। यह विमान मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को उड़ान भरेगा।
शुरू हुई टिकटों की बुकिंग
स्पाइस जेट का 180 सीटों वाला विमान गोरखपुर से मुंबई के लिए रोजाना उड़ान भरता है। लॉकडाउन के बाद मुंबई जाने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ने पर विमानन कंपनी इंडिगो ने भी पिछले माह मुंबई के लिए उड़ान शुरू कर दी। इंडिगो का विमान सोमवार, शुक्रवार और शनिवार को उड़ान भरता है। मुंबई जाने वाले यात्रियों की संख्या को देखते हुए स्पाइस जेट ने गोरखपुर से इवनिंग फ्लाइट शुरू करने का प्रस्ताव एयरपोर्ट अथॉरिटी के पास भेजा था, जो मंजूर हो गया है। शेड्यूल जारी होने के बाद स्पाइस जेट ने टिकटों की बुकिंग शुरू कर दी है। जारी हुए शेड्यूल के मुताबिक स्पाइस जेट का विमान दोपहर एक बजे मुंबई से उड़ान भरकर दोपहर बाद 3.40 बजे गोरखपुर पहुंचेगा। शाम 4.15 बजे गोरखपुर से उड़ान भरने के बाद शाम 6.50 बजे मुंबई पहुंचेगा।
फ्लाइट की संख्या फिर नौ हुई
मुंबई के लिए स्पाइस जेट की इवनिंग फ्लाइट शुरू होने के बाद गोरखपुर से फ्लाइट की संख्या फिर नौ हो जाएगी। इसमें तीन दिल्ली, तीन मुंबई, एक कोलकाता, एक प्रयागराज और एक हैदराबाद की है। 21 जुलाई से दिल्ली के लिए शुरू हुई स्पाइस जेट की इवनिंग फ्लाइट बंद होने से यह संख्या आठ हो गई थी।
TOS News Latest Hindi Breaking News and Features