लखनऊ: उत्तर प्रदेश के झांसी जनपद में एक कार और ट्रैक्टर-ट्राली में जोरदार भिडं़त हो गयी। इस हादसे में अब तक 8 लोगों की मौत हो चुकी है,जबकि कई लोग बुरी तरह घायल हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए झांसी मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है।
झांसी पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार चिरगांव केललितपुर गांव से कार सवार कुछ लोग आगरा जा रहे थे। बताया जाता है कि अमरागंव के पास तेज रफ्तार कार ने आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्राली को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतन जबरदस्त थी कि ट्राली पर बैठे लोग नीचे गिर पड़े और कार की चपेट में आ गये।
हादसे में ट्राली में सवार 6 महिलाओं सहित 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गयी,जबकि एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गये। घटना से बाद वहां चीख पुकार मच गयी। गांव के लोग मदद के लिए दौड़े तो मंजर देख सहम गये। चारों तरफ खून से लथपथ लोग पड़े हुए थे।
ग्रामीणों ने फौरन इस बात की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी। सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस भी पहुंच गयी। आनन-फानन में सभी घायलों को इलाज के लिए झांसी मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया। पुलिस ने हादसे में मारे गये लोगों के शव को छानबीन के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
TOS News Latest Hindi Breaking News and Features