जापान में तूफान की तबाही के बाद गुरुवार सुबह भूकंप के 6.7 वाले शक्तिशाली झटके से होक्काइदो में दो लोगों की मौत हो गई और 32 लोग लापता बताए जा रहे हैं। हालांकि मौसम विज्ञान एजेंसी के अनुसार, इस भूकंप से सुनामी का कोई खतरा नहीं।
भूकंप के बाद भूस्खलन से घरों को नुकसान पहुंचा है, कई लोग जख्मी हैं और कई इलाकों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई। होक्काइदो इलाके में मेट्रो सर्विस भी प्रभावित हुई। भूकंप से होक्काइदो और न्यू चिटोस एयरपोर्ट को भी नुकसान पहुंचा। अमेरिका के भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण की रिपोर्ट के मुताबिक, भूकंप का केंद्र होक्काइदो के मुख्य शहर सप्पोरो से 68 किलोमीटर दूर दक्षिण पूर्व में था।
देश के प्रधानमंत्री शिंजो एबी ने बताया कि उनकी सरकार ने राहत और बचाव कार्य के लिए कमांड सेंटर स्थापित कर लिया है। घबराए हुए आवाज में उन्होंने कहा कि लोगों को बचाना उनकी सरकार की प्राथमिकता है। टोक्यो में केंद्र सरकार ने कहा कि राहत कार्य के लिए होक्काइदो गवर्नर के आग्रह पर सेल्फ डिफेंस फोर्स की ओर से 25,000 जवान भेजे जाएंगे।
TOS News Latest Hindi Breaking News and Features