लखनऊ: सोमवार को हैदराबाद में बांग्लादेश को एकमात्र टेस्ट मैच में भारत ने 208 रनों से हरा दिया। यह टीम इंडिया की लगातार छठी टेस्ट सीरिज जीत है और उसने इसी के साथ इतिहास रच दिया। भारत ने 85 साल के अपने टेस्ट क्रिकेट इतिहास में पहली बार लगातार 6 टेस्ट सीरीज जीती।

इससे पहले भारत ने अक्टूबर 2008 से जनवरी 2010 के बीच लगातार 5 टेस्ट सीरीज जीतने में सफलता हासिल की थी। भारत ने विराट के नेतृत्व में लगातार 6 टेस्ट सीरीज जीतने में सफलता हासिल की। भारत की जीत का यह सिलसिला अगस्त 2015 में श्रीलंका के खिलाफ शुरू हुआ था।
टीम इंडिया ने इसके बाद दक्षिण अफ्रीका को अपने घर में 3-0 से हराया। भारत की जीत का सिलसिला वेस्टइंडीज में जारी रहा जहां उसने इंडीज को 2-0 से हराया। भारत ने इसके बाद 3 मैचों की सीरीज में न्यूजीलैंड का सफाया किया। टीम इंडिया ने इसके बाद इंग्लैंड को 4-0 से रौंदा और अब बांग्लादेश को 1-0 से हराया।
टेस्ट क्रिकेट में लगातार सबसे ज्यादा टेस्ट सीरीज जीतने का रिकॉर्ड इंग्लैंड व ऑस्ट्रेलिया के नाम दर्ज है। इन दोनों ने लगातार 9-9 टेस्ट सीरीज जीती थी। इंग्लैंड ने यह कारनामा 1884-1891 के बीच किया। ऑस्ट्रेलिया ने इस करिश्मे को 2005-08 के बीच दोहराया।
भारत की लगातार छ टेस्ट जीत
श्रीलंका 2-1
दक्षिण अफ्रीका 3-0
वेस्टइंडीज 2-0
न्यूजीलैंड 3-0
इंग्लैंड 4-0
बांग्लादेश 1-0
TOS News Latest Hindi Breaking News and Features