दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे उत्तर भारत में भीषण गर्मी का कहर जारी है। इस बीच गर्म हवाओं ने भी लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। हालांकि, शनिवार सुबह से ही आसमान साफ है, लेकिन चटख धूप ने सुबह ही इशारा कर दिया कि गर्मी होने वाली है। वहीं, समाचार एजेंसी पीटीआइ के मुताबिक, शनिवार को भी गर्मी का प्रकोप जारी रहेगा। मौसम विभाग की मानें तो आज तामपान 45 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है।पीटीआइ के मुताबिक, शनिवार सुबह न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि नमी 27 फीसद दर्ज की गई।
इससे पहले रिकॉर्ड तोड़ गर्मी के बीच शुक्रवार को ही दिल्ली-एनसीआर का अधिकतम तापमान फिर से 45 डिग्री के पार चला गया। दिन भर चिलचिलाती धूप एवं लू के थपेड़ों ने दिल्लीवासियों का हाल बेहाल किए रखा था।
29 मई को हो सकती है बारिश, आंधी भी आने का अनुमान
हालांकि, मौसम विभाग की मानें तो जल्द ही राहत का दौर लौटेगा। पश्चिमी विक्षोभ के चलते 29 मई को धूल भरी हवा चलने और हल्की बारिश होने के आसार हैं। शुक्रवार को सुबह से ही मौसम में तल्खी महसूस की गई। दिन चढ़ने के साथ-साथ तो हालत और खराब होती गई।
यही वजह रही कि पालम क्षेत्र में अधिकतम तापमान 45.4, जबकि रिज क्षेत्र में न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। पिछले पांच सालों के दौरान 25 मई का दिन इतना गर्म कभी नहीं रहा। हालांकि, मौसम विभाग ने औसत अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री ज्यादा 43.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 23.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया।
नमी का स्तर अधिकतम 59 जबकि न्यूनतम 10 फीसद दर्ज किया गया। स्काईमेट वेदर के मुख्य मौसम विज्ञानी महेश पलावत के मुताबिक, अभी अगले तीन दिन तक गर्मी और लू का यह दौर जारी रहेगा। तापमान 47 से 48 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है, लेकिन उसके बाद 29 मई से मौसम करवट लेगा। इसके चलते तीन से चार दिन तक आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। धूल भरी हवा चलेगी और बीच बीच में हल्की बारिश भी होगी। आसार हैं कि इसके बाद लू नहीं चलेगी।
TOS News Latest Hindi Breaking News and Features