शादियों में नागिन डांस भले ही काफी लोकप्रिय हो, लेकिन मंगलवार रात एक दूल्हे को यह नागिन डांस भारी पड़ गया। दरअसल, शराब के नशे में नागिन डांस कर रहे दूल्हे को देखकर दुल्हन इतनी शर्मसार हो गई कि उसने शादी ही तोड़ दी। अक्सर ऐसे गाने पर लोग जमीन पर लोट-लोट कर नाचते हैं और कई बार सांप की तरह ‘हिस्स’ की आवाज भी निकालते हैं। 
दुल्हन के परिवार ने उसे खूब मनाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं मानी। अंततः दूल्हे को बारात वापस लेकर घर जाना पड़ा। मौके पर हिंसा की आशंका देखते हुए पुलिस को बुलाया गया था। एक दिन बाद लड़की की शादी किसी और लड़के से करा दी गई। प्रियंका त्रिपाठी (23) की शादी अनुभव मिश्रा से होनी थी। दोनों का परिवार एक दूसरे को जानता था। दोनों के बीच शादी के पहले तोहफे का लेनदेन भी हुआ था।
जब दूल्हे अनुभव को औपचारिक रूप से दुल्हन के परिवार द्वारा बुलाया जाना था, उसी वक्त उसका ध्यान नागिन गाने ने खींचा जो डीजे द्वारा बजाया जा रहा था। डीजे की धुन पर दूल्हा अनुभव नाचने लगा और उसके फ्रेंड उसपर पैसे बरसाने लगे। यह सब देखकर दुल्हन का परिवार हैरान रह गया। उसी वक्त प्रियंका ने यह तयकर लिया शराब के नशे में धुत अनुभव उसके लायक नहीं है। समझाने-बुझाने और धमकाने के बावजूद प्रियंका ने अपना फैसला नहीं बदला। अंततः बारात लौट गई।
TOS News Latest Hindi Breaking News and Features