ईरान के इस्फहान में आयोजित 54वें अंतरराष्ट्रीय भौतिकी ओलंपियाड में भारतीय छात्रों को दो स्वर्ण समेत पांच पदक जीते हैं। गणित के बाद भौतिकी में भी भातीय चमके हैं। वहीं नोएडा की भव्या को रजत मिला है।
गणित के बाद भौतिकी के ओलंपियाड में भी भारतीय छात्रों ने शानदार प्रदर्शन किया। ईरान के इस्फहान में आयोजित 54वें अंतरराष्ट्रीय भौतिकी ओलंपियाड (आईपीएचओ) में शामिल सभी पांच भारतीय प्रतिभागियों ने पदक जीते।
रायपुर के रिदम केडिया और इंदौर के वेद लाहोटी ने स्वर्ण पदक जीते। वहीं, नागपुर के आकर्ष राज सहाय, नोएडा की भव्या तिवारी और कोटा के जयवीर सिंह ने रजत पदक जीता। 21 से 29 जुलाई तक चली प्रतियोगिता में 43 देशों के कुल 193 छात्रों ने भाग लिया।
पदक तालिका में चीन शीर्ष पर रहा, जबकि भारत ने वियतनाम के साथ संयुक्त रूप से चौथा स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता में रूस और रोमानिया ने क्रमश: दूसरा और तीसरा स्थान हासिल किया। 2023 के ओलंपियाड में भारत ने ताइवान व रोमानिया के साथ संयुक्त रूप से पांचवां स्थान हासिल किया था।
भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व डीएवी कॉलेज, चंडीगढ़ के प्रो. दीपक गर्ग और डॉ. शिरीष पठारे ने किया। प्रो. एसी बियानी व प्रो. विवेक भिड़े वैज्ञानिक पर्यवेक्षक थे। इस बार कई पश्चिमी देश ओलंपियाड से दूर रहे।
TOS News Latest Hindi Breaking News and Features