लखनऊ , 4 अक्टूबर । हसनगंज स्थित मनकामेश्वर मंदिर के पास गोमती नदी में एक महिला का शव उतराता मिला। आशंका जतायी जा रही है कि महिला की हत्या कर शव को नदी में फेंका गया है। फिलहाल महिला की पहचान नहीं हो सकी है। एसओ हसनगंज सुरेश यादव ने बताया कि मंगलवार की दोपहर मनकामेश्वर मंदिर के पास लोगों ने नदी में एक महिला का शव उतराता देखा। लोगों की सूचना पाकर मौके पर हसनगंज पुलिस भी पहुंच गयी। पुलिस ने गोताखोरों की मदद की नदी से महिला के शव को बाहर निकाला। पुलिस ने आसपास के लोगों की मदद से महिला के शव की पहचान कराने की कोशिश की पर कोई पहचान नहीं सका। छानबीन के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसओ हसनगंज ने बताया कि महिला के शरीर पर गुलाबी रंग का सलवार सूट मौजूद था और उसकी उम्र 35 से 40 के बीच में थी। महिला का शव काफी सड़ गया था और इसकी वजह से शरीर पर कोई चोट नज़र नहीं आ रही थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि महिला की हत्या कर शव को नदी में फेंका गया है।
TOS News Latest Hindi Breaking News and Features