पाकिस्तानी एक्ट्रेस को बहू बनाना चाहते थे राज कपूर

हिंदी सिनेमा के शोमैन राज कपूर ने फिल्म प्रेम रोग बनाकर हर किसी को हैरान किया था। यह फिल्म उस वक्त समाज की सोच पर सवाल खड़े करके गई तो वहीं फिल्म में ऋषि कपूर और पद्मिनी कोल्हापुरे की चर्चा भी खूब हुई, लेकिन क्या आपको पता है कि इस फिल्म में पहले वो एक पाकिस्तानी एक्ट्रेस को लेना चाहते थे। यहां तक कि उन्होंने पाकिस्तानी एक्ट्रेस को अपने बेटे ऋषि कपूर से शादी का ऑफर दे दिया था।

हिंदी सिनेमा के शोमैन राज कपूर (Raj Kapoor) की 101वीं बर्थ एनिवर्सरी निकली है। राज कपूर ने हिंदी सिनेमा में ना जाने कितने किरदार और कितनी फिल्मों के जरिए सालों तक दर्शकों को एंटरटेन किया। पहले खुद वो अभिनेता के तौर पर काम करते रहे। इसके बाद उन्होंने अपने बेटों को सिनेमा का स्टार बनाया और ये सिलसिला पीढ़ी दर पीढ़ी चलता आ रहा है। अब आपको साल 1982 में आई सुपरहिट फिल्म प्रेम रोग (Prem Rog) तो याद होगी ही। इस फिल्म में ऋषि कपूर (Rishi Kapoor) ने काम किया था और ऋषि के साथ फिल्म पद्मिनी कोल्हापुरे नजर आईं थीं, लेकिन इस फिल्म में पद्मिनी कोल्हापुरे से पहले एक पाकिस्तानी एक्ट्रेस को राज कपूर लेना चाहते थे। आइए जानते हैं, फिल्म से जुड़ा वो मजेदार किस्सा…

प्रेम रोग के लिए पाकिस्तानी एक्ट्रेस थी राज कपूर की पसंद

दरअसल फिल्म 1982 में आई फिल्म प्रेम रोग, एक कमाल की फिल्म इसलिए साबित हुई, क्योंकि इस फिल्म ने समाज की सोच पर भी सवाल खड़े किए। वक्त से काफी आगे की कहानी फिल्म में दिखाई गई और फिल्म का प्लॉट बेहद पसंद किया गया। फिल्म ऋषि और पद्मिनी की कैमिस्ट्री भी खूब चर्चा में रही।

हालांकि इस फिल्म के लिए पद्मिनी से पहले पाकिस्तानी एक्ट्रेस संगीता यानी परवीन रिजवी (Parveen Rizvi) उनकी पहली पसंद थीं। खुद परवीन रिजवी यानि संगीता ने इस बात का खुलासा एक इंटरव्यू में किया, जिसकी एक क्लिप इस वक्त काफी वायरल है। संगीता ने इंटरव्यू में बताया कि राज कपूर ने उन्हें प्रेम रोग की हीरोइन के तौर पर कास्ट करने की इच्छा जताई थी। वो चाहते थे कि फिल्म में वो काम करें, लेकिन परवीन रिजवी को राज कपूर ने अपने घर की बहू बनाने का ऑफर दे डाला था।

ऋषि कपूर से एक्ट्रेस की शादी कराना चाहते थे राज कपूर

दरअसल संगीता ने इंटरव्यू में कहा कि, राज कपूर ने उन्हें फिल्म प्रेम रोग के लिए अप्रोच किया था। संगीता बेहद खूबसूरत और काबिल थीं। उन्हें लगता था कि अगर वो इस फिल्म में काम करेंगी, तो एक नया चेहरा लोगों को देखने को मिलेगा और उनकी फिल्म के हिसाब से भी वो बिल्कुल सही हैं। परवीन ने कहा कि, राज कपूर ने फिल्म के साथ साथ ऑफर दिया कि वो उनके घर की बहू बन जाएं।

दरअसल राज कपूर चाहते थे कि संगीता उनके बेटे ऋषि कपूर से शादी कर लें। इस तरह से संगीता आसानी से भारत आ पाएंगी और फिल्मों में काम कर पाएंगी। ये सुनने के बाद संगीता हैरान रह गईं। हालांकि बाद में संगीता ने इस ऑफर को ठुकरा दिया था। उन्होंने कहा कि, जब अपने मुल्क में नाम, पहचान और सम्मान सब कुछ मिल गया है तो वो दूसरे देश में क्यों जाएंगी। इसके बाद संगीता ना तो भारत आईं, ना उन्होंने फिल्म प्रेम रोग में काम किया और ना ही उन्होंने ऋषि कपूर से शादी की।

जब संगीता ने फिल्म में काम करने से इंकार किया तो इसके बाद फिर ये फिल्म पद्मिनी कोल्हापुरे को मिली और फिर उन्होंने इस फिल्म से दर्शकों का दिल जीत लिया और ये फिल्म ब्लॉकबस्टर रही। राज कपूर ने प्रेम रोग के अलावा आग, बरसात, श्री 420, संगम, बॉबी और सत्यम शिवम सुन्दरम् समेत कई फिल्में बनाईं और इन फिल्मों के चलते उन्होंने हिंदी सिनेमा को नई बुलंदियों पर पहुंचाया।

English News

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com