पाकिस्तान सरकार के न्योते पर सोमवार को भारत का भगोड़ा जाकिर नाइक पाकिस्तान पहुंच गया है। इस्लामाबाद एयरपोर्ट पर पाकिस्तान के अधिकारियों ने उसका स्वागत किया। अपनी यात्रा से पहले जाकिर नाइक ने एक पाकिस्तानी यूट्यूबर के पॉडकास्ट में भी हिस्सा लिया था। जाकिर नाइक पाकिस्तान में लगभग एक महीने तक रुकेगा। नाइक भारत से भागने के बाद मलेशिया में परिवार के साथ रहता है।
भारत में कई मामलों में वांछित डॉ. जाकिर नाइक पाकिस्तान पहुंच गया है। वह 28 अक्टूबर तक यहां रहेगा। इस दौरान जाकिर नाइक इस्लामाबाद, कराची और लाहौर में धार्मिक जनसभाओं को भी संबोधित करेगा। पाकिस्तान के द एक्सप्रेस ट्रिब्यून ने धार्मिक मामलों के मंत्रालय के प्रवक्ता के हवाले से बताया कि जाकिर नाइक शुक्रवार की नमाज सभाओं का भी नेतृत्व करेगा।
पाकिस्तान की शहबाज सरकार ने जाकिर नाइक को न्योता भेजा था। यही वजह है कि पाकिस्तान की सरकार ने इस्लामाबाद हवाई अड्डे पर गर्मजोशी से जाकिर नाइक का स्वागत भी किया। इस दौरान प्रधानमंत्री के युवा कार्यक्रम के अध्यक्ष राणा मशहूद, धार्मिक मामलों के संसदीय सचिव शमशेर अली मजारी, धार्मिक मामलों के मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव सैयद डॉ. अत्ता-उर-रहमान एयरपोर्ट पर मौजूद रहे।
जाकिर नाइक का शेड्यूल
जाकिर नाइक की पहली रैली पांच और छह अक्टूबर को कराची में होगी।
12 और 13 अक्टूबर को लाहौर में धार्मिक सभा को संबोधित करेगा।
आखिर में 19 और 20 अक्टूबर को इस्लामाबाद में कार्यक्रम में हिस्सा लेगा।
भारत में भगोड़ा घोषित है जाकिर नाइक
जाकिर नाइक भारत में मनी लॉन्ड्रिंग और नफरती भाषणों समेत कई मामलों में वांछित है। साल 2016 में बांग्लादेश की राजधानी ढाका में हुए बम धमाकों का एक आरोपी जाकिर नाइक से प्रेरित था। इसके बाद भारत सरकार ने शिकंजा कसा तो जाकिर नाइक पारिवार के साथ मलेशिया भाग गया था। भारत सरकार ने जाकिर नाइक को भगोड़ा घोषित कर रखा है। भारत सरकार जाकिर नाइक के प्रत्यर्पण की कोशिश में भी जुटी है।
 TOS News Latest Hindi Breaking News and Features
TOS News Latest Hindi Breaking News and Features
				 
		
		 
						
					 
						
					