जनसभा को संबोधित करते हुए नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज कांग्रेस पराजय स्वीकार करके बैठी है। पहला ऐसा चुनाव है जब कांग्रेस के दिग्गज हिमाचल आने की हिम्मत नहीं जुटा रहे। उन्होंने कहा कि हिमाचल की जनता इस बार कांग्रेस को पराजित ही नहीं गंभीर से गंभीर सजा देना चाहती हैं।
मोदी ने कहा कि नौ नवंबर को जब मतदान करें तो होशियार सिंह की शाहदत को याद रखें। हिमाचल के वनों की रक्षा करने के लिए उसने वन माफिया से लोहा लिया। मोदी ने कहा कि नौ नवंबर को पहले से अधिक मतदान कर पुराने रिकॉड टूटने चाहिए।
उन्होंने महिलाओं से कहा कि पुरूषों से पांच फीसदी अधिक मतदान करें। एक बार देवभूमि की ये मातृ शक्ति मैदान में आएंगी तो आने वाले वर्षों तक कांग्रेस कहीं नजर नहीं आएगी। अत्याचार और जुल्म का राज कहीं दूर-दूर तक नहीं दिखाई देगा। लोकतंत्र का एक बार फिर कमल खिलेगा।
मोदी ने कहा कि सब समस्याओं का समाधान विकास ही है। विकास के बिना देश आगे नहीं बढ़ सकता। हिमाचल विश्व का सबसे बेहतर टूरिस्ट डेस्टिनेशन बनना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में हिमाचल को रेलवे के ज्यादा प्रोजेक्ट आए।
बेनामी संपत्ति रखने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाया जा रहा है। कांग्रेसियों ने अपने रसोइए के नाम लिए मकान, ड्राइवर के नाम कारें ली और कांग्रेस को मोदी समझ नहीं आ रहा।
मोदी ने स्वच्छता अभियान के लिए तारीफ की और कहा कि मंडी जिला में सफाई अभियान अच्छा चला और देश भर में नाम हुआ। अब उसी तेजी से राजनीतिक भ्रष्टाचार का भी सफाया होगा। जो इमानदारी की जिंदगी जीते है उनके लिए सहुलीयतें होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि आज मध्यम वर्गीय परिवार में बदलाव लाने के लिए केंद्र सरकार ने बहुत कुछ किया है। तीन वर्ष पहले किसानों को खाद के लिए यूरिया नहीं मिलती थी। किसान परेशान था, क्योंकि यूरिया की चोरी होती थी, लेकिन हमने यूरिया की चोरी बंद कर दी।
हम पूरी दुनिया को हिमाचल की ओर आकर्षित करना चाहते है। इसके लिए आधुनिक आधारभूत ढांचा चाहिए। पहाड़ की जवानी और पानी पहाड़ के काम नहीं आता लेकिन हम इस पुरानी कहावत को बदल देंगे। अब पहाड़ का पानी और जवानी पहाड़ के ही काम आएगा। आने वाले समय के लिए काम आएगा।
रैली में प्रधानमंत्री के साथ केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा, पूर्व सीएम प्रेम कुमार धूमल, जयराम ठाकुर, सांसद राम स्वरूप मौजूद हैं। इससे पहले प्रधानमंत्री का हेलिकाप्टर राजकीय बहुतकनीकी कॉलेज के मैदान में उतरा। इसके बाद पीएम सीधे रैली स्थल पहुंचे।
मोदी ने रैली संबोधित करने से पहले मंच पर मौजूद हर नेता का नाम लिया और फिर बोले- कोई रह तो नहीं गया। मोदी ने कहा कि जब उन्होंने रूप सिंह का नाम लिया तो कई को हंसी आई, लेकिन रूप सिंह के साथ उनका पुराना नाता है और कई सालों साथ काम किया।
TOS News Latest Hindi Breaking News and Features