बॉलीवुड फिल्म की अभिनेत्री जायरा वसीम ने विस्तारा एयरलाइंस की दिल्ली-मुंबई फ्लाइट में उनके साथ छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। अभिनेत्री ने कहा कि एक अधेड़ शख्स ने उनकी ढाई घंटे की यात्रा को नरकीय बना दिया। उन्होंने कहा ‘मैं इस घटना को फोन में रिकॉर्ड करना चाहती थी, लेकिन विमान में कम रोशनी के कारण मैं असफल रही। यह हरकत पांच से दस मिनट तक जारी रही और मैं समझ गई कि वह छेड़छाड़ कर रहा है।’ 
आज से शुरू होगा शाहरुख का TED Talks, शेयर किया PROMO
नाबालिग होने के कारण मुंबई पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी विकास सचदेवा के खिलाफ छेड़खानी और पोक्सो एक्ट में मामला दर्ज किया है। वहीं एयरलाइंस ने इस घटना के लिए पीड़िता से माफी मांगी है। अभिनेत्री ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो डालकर बताया कि विस्तारा की फ्लाइट यूके981 में शनिवार रात उनके पीछे बैठे एक अधेड़ उम्र के व्यक्ति ने अश्लील हरकतें कीं।
वीडियो में उन्होंने रोते-रोते पूरी घटना को बयां किया है। पीड़िता ने इंस्टाग्राम पर लिखा कि जब वह आधी नींद में थीं, तो पीछे बैठा शख्स अपने पैर से उनकी पीठ और गर्दन को छू रहा था। उन्होंने वीडियो में कहा, मैं अभी-अभी फ्लाइट से उतरी हूं और आपको बताना चाहती हूं कि आरोपी ने क्या किया। कोई ऐसा कैसे कर सकता है। ये कोई तरीका नहीं है। क्या आप इस तरह से लड़कियों की देखभाल करेंगे। जब तक हम अपनी मदद का फैसला नहीं करेंगे। कोई हमारी मदद नहीं करेगा। ये सबसे खराब बात है।
शिकायत के बावजूद क्रू ने नहीं की मदद
पीड़िता का आरोप है कि उन्होंने फ्लाइट के क्रू मेंबर से इसकी शिकायत की, लेकिन किसी ने उनकी मदद नहीं की। विस्तारा एयरलाइंस ने बयान जारी कर कहा, हमने बीती रात फ्लाइट में एक अन्य यात्री के साथ पीड़िता के साथ खराब अनुभव की खबरें देखी हैं। जांच की जा रही है और पीड़िता की हर तरह से मदद की जाएगी। ऐसे बर्ताव कतई बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे।
महिला आयोग ने कार्रवाई करने को कहा
राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष रेखा शर्मा ने बताया कि वह विस्तारा एयरलाइंस को खत लिखेंगी और महाराष्ट्र के डीजीपी से कार्रवाई करने को कहेंगी। महाराष्ट्र महिला आयोग ने छेड़छाड़ की घटना को शर्मनाक बताया है। वहीं दिल्ली महिला आयोग ने एयरलाइंस को नोटिस देकर जवाब मांगा है। दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने संज्ञान लेते हुए एयरलाइंस से पूछा है कि ऐसी घटना से निपटने के लिए विमान कंपनी क्या करती है।
जम्मू-कश्मीर की मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने कहा कि महिला के खिलाफ किसी भी अपराध पर तेजी से कार्रवाई होनी चाहिए। दो लड़कियों की मां होने के नाते अभिनेत्री के साथ हुई घटना से मैं डरी हुई हूं। उम्मीद है अधिकारी कड़ी कार्रवाई करेंगे।
TOS News Latest Hindi Breaking News and Features