बारिश की डरावनी तस्वीरें: सड़कों बनीं तालाब, डूब गए वाहन…

उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में एक घंटे की मूसलाधार बारिश ने शहर को थाम दिया, जगह-जगह जलभराव और जाम से लोग बेहाल हो गए। रुनकता में खुले नाले में गिरकर डेढ़ साल के मासूम प्रियांशु की मौत हो गई। एक घंटे की बारिश बुधवार दोपहर को आफत बनकर बरसी। जलभराव से सड़कों पर घंटों जाम रहा। गली-मुहल्ले, पॉश कॉलोनियों और बाजारों में दुकानों में पानी भर गया। रुनकता में 15 महीने का बालक शिव उफनाए नाले में बह गया। जब तक उसे निकाला गया, तब तक बच्चे की मौत हो गई। इतना ही नहीं एमजी रोड, यमुना किनारा से फतेहाबाद रोड, सिकंदरा हाईवे तक पानी भरने से घंटों वाहन जाम में रेंगते रहे।

सुबह रिमझिम फुहारों से हुई। दोपहर 12 बजे काली घटाएं छाईं और फिर बूंदाबांदी शुरू हो गई। दोपहर 2 से 3 बजे तक मूसलाधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। मौसम विभाग के अनुसार करीब 42 मिमी बारिश दर्ज की गई है। बृहस्पतिवार को भी शहर से ग्रामीण क्षेत्रों तक भारी बारिश का अलर्ट है। दोपहर में हुई मूसलाधार बारिश से एमजी रोड पर प्रतापपुरा से कलेक्ट्रेट तक जाम लगा रहा।

मेट्रो निर्माण से धाकरान चौराहे पर वाहन फंसे रहे। उधर, यमुना किनारा पर स्ट्रेची ब्रिज के नीचे 4 फीट पानी भर गया। कार डूबने से बची। स्कूटर व बाइक सवार गिर पड़े। कई वाहन पानी भरने से खराब होकर रास्ते में खड़े हो गए। ताजमहल से लौट रहे पर्यटक भी जाम में फंसे रहे। जीवनी मंडी पर गणेश प्रतिमा विसर्जन जुलूस से एक घंटे यातायात बाधित रहा। उधर, सिकंदरा चौराहा से कामायनी कट तक जाम लगा रहा।

गुरुद्वारा से बाईंपुर तक हाईवे पर पानी भर गया। रोशन मोहल्ला, रावतपाड़ा, सुभाष बाजार में दुकानों में रखा सामान पानी से खराब हो गया। तहसील में वादकारियों को जलभराव से खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। एयरपोर्ट गेट अजीत नगर तिराहा पर तीन फीट तक पानी भरा रहा।

खेलते समय नाले में बह गया प्रियांशु, 100 मीटर दूर मिली लाश
रुनकता (सिकंदरा) के होली मोहल्ला में बुधवार को तेज बारिश के दाैरान घर के बाहर खेल रहा डेढ़ वर्ष का बालक प्रियांशु उर्फ शिव फिसलकर नाले में गिर गया। तेज बहाव के कारण वह पानी में आगे तक बहता चला गया। बाद में परिवार के लोगों को पता चला तो सभी दाैड़े। परिजन व ग्रामीणों ने 100 मीटर की दूर पर नाले में फंसे बच्चे के शव को निकाला। घटना से मां का हाल बेहाल हो गया। सूचना पर लेखपाल और कानूनगो माैके पर पहुंच गए।

ढका नहीं था नाला
रुनकता के होली मोहल्ला निवासी सुरेश मजदूरी करते हैं। उन्होंने बताया कि बेटी किरन की शादी 4 साल पहले भरतपुर के रुदावल में की थी। काफी समय से बेटी का पति पिंटू से विवाद चल रहा है। इस कारण मायके में आ गई है। उसके साथ धेवता प्रियांशु भी रह रहा था। घर के सामने नाला बना है। यह ढका नहीं है। उसे पार कर सड़क पर जाने के लिए पत्थर लगाए गए हैं। शाम तकरीबन तीन बजे आई तेज बारिश के कारण नाले में पानी अधिक था।

खेलते-खेलते दरवाजे तक पहुंच गया मासूम
उसी समय बच्चा खेलते खेलते दरवाजे पर पहुंच गया। शिव की मां किरन और अन्य परिजन घर में अंदर थे। किसी को बच्चे के गेट पर जाने का पता नहीं चला। वह फिसलकर नाले में गिर गया। पानी के तेज बहाव के कारण बहता चला गया। घर से करीब सौ मीटर दूर नाले में फंस मिला। उसे अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने मृत बताया।

ग्रामीणों ने 400 मीटर तक नाले में आधे घंटे तलाशा
मृतक मासूम शिव की मां किरन को वह घर में नहीं दिखा। तो उसने आस-पड़ोस में उसे ढूंढना शुरू कर दिया लेकिन बेटा नहीं मिला। बाद में ग्रामीणों को पता चला। वह मदद के लिए एकत्रित हो गए। उन्होंने घर से 400 मीटर दूर तक नाले में करीब आधे घंटे तक बच्चे की तलाश की। काफी देर बाद मृत मिला। उधर तहसीलदार किरावली दीपांकर ने बताया कि बालक की नाले में बहकर मौत की सूचना मिली है। परिवार को दैवीय आपदा एवं राहत कोष से सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

English News

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com