भराड़ीसैंण (गैरसैंण) को राज्य की ग्रीष्मकालीन राजधानी बनाए जाने की अधिसूचना जारी होने पर भाजपा ने इसे एतिहासिक उपलब्धि बताया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत ने कहा कि इसके साथ ही भाजपा द्वारा पिछले विधानसभा चुनाव के दौरान अपने दृष्टिपत्र में गैरसैंण को ग्रीष्मकालीन राजधानी बनाने का जनता के किया गया वादा भी पूरा हो गया।
भराड़ीसैंण (गैरसैंण) के ग्रीष्मकालीन राजधानी बनने पर मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत और पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए पार्टी प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत ने कहा कि आज उत्तराखंड की जनता की इच्छा भी पूरी हुई है। इससे पर्वतीय क्षेत्र के विकास में बहुत मदद मिलेगी। भाजपा के मुख्य प्रवक्ता और विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने कहा कि प्रदेश की त्रिवेंद्र सिंह रावत सरकार ने साबित कर दिया कि उनकी सरकार जैसा कहती है वैसा ही करती भी है। गैरसैंण को ग्रीष्मकालीन राजधानी बनाने से उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में विकास का नया वातावरण बनेगा और राजकाज की दृष्टि से महत्वपूर्ण पदों पर बैठे हुए लोगों को पर्वतीय क्षेत्रों की विकास संबंधी मूलभूत आवश्यकताओं को समझने में मदद मिलेगी। साथ ही पर्वतीय क्षेत्रों के बारे में सरकारों का नजरिया भी बदलेगा।
ग्रीष्मकालीन राजधानी उन तमाम राज्य आंदोलनकारियों को समॢपत है, जिन्होंने राज्य निर्माण के आंदोलन में बलिदान दिया। पूर्व राज्यसभा सदस्य तरुण विजय और भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी अजेंद्र अजय ने भी इस उपलब्धि के लिए मुख्यमंत्री और प्रदेश की जनता को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि ग्रीष्मकालीन राजधानी के फैसले से पर्वतीय क्षेत्रों की दशा और दिशा बदलने का संकल्प मजबूत हुआ है।
कांग्रेस ने कृषि मंत्री को सौंपा ज्ञापन
महानगर कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमंडल ने कृषि मंत्री सुबोध उनियाल से मुलाकात कर मंडी में कोरोना के बढ़ते मामलों पर चिंता जताई। साथ ही मंडी में रेंडम सैंपलिंग और थर्मल स्क्रीनिंग की व्यवस्था किए जाने के बाद ही खोलने की मांग रखी।
कृषि मंत्री को सौंपे ज्ञापन में महानगर कांग्रेस अध्यक्ष लालचंद शर्मा ने कहा कि निरंजनपुर मंडी में कोरोना संक्रमितों की संख्या तेजी से बढ़ी है। इसकी रोकथाम करना बेहद जरूरी है। कहा कि सब्जियां आवश्यक वस्तु होने के कारण इनकी आवक को रोका भी नहीं जा सकता। इसलिए यहां पर उचित व्यवस्थाएं जरूरी हैं। कहा कि यहां से सब्जियां लेकर वितरक पूरे शहर में जाते हैं। इसलिए संक्रमण का दायरा बढ़ा होने का भी डर है। प्रतिनिधि मंडल में अरुण शर्मा, मधूसूदन सुंद्रियाल आदि शामिल रहे।
TOS News Latest Hindi Breaking News and Features