मानसूनी सिस्टम मजबूत होने से यूपी में 26 जून से जोरदार बारिश

उत्तर प्रदेश के ऊपर पिछले कई दिनों से चक्रवाती हवा का क्षेत्र बना हुआ है और दूसरा चक्रवाती हवा का क्षेत्र बंगाल की खाड़ी के ऊपर होने से मानसून की गतिविधियां काफी तेज हो गई हैं। बीते दो दिनों से मध्य यूपी में जारी बारिश को लेकर मानसूनी सिस्टम अब और मजबूत हो गया है। मौसम विभाग की मानें तो 26 जून से जोरदार बारिश के आसार हैं और अगले दो दिन मौसम में हल्का उतार चढ़ाव नजर आएगा। हवा सामान्य से तेज चलेगी, जबकि बूंदाबांदी संग बारिश की संभावना है। बदली छाई रहेगी। बीच बीच में धूप भी निकल सकती है।

कानपुर शहर में बीते तीन-चार दिन से मौसम खुशनुमा बना हुआ है। दो दिन तक जारी बारिश के बाद रविवार को मौसम साफ है लेकिन आसमान में बादलों की सूरज से लुकाछिपी जारी है। धूप थोड़ी उमस बढ़ा रही है लेकिन हवाओं की नमी से राहत बनी हुई है। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि गुजरात, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश में मानसून मजबूत हुआ है। बंगाल की खाड़ी से नमी युक्त हवा आ रही है। अरब सागर से भी ठंडी हवा आनी शुरू हो गई है।

उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के ऊपर निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। एक ट्रफ रेखा पंजाब से दक्षिण बांग्लादेश तक हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल होते हुए गुजर रही है। वहीं दूसरी ट्रफ रेखा गुजरात तट से उत्तरी केरल तट तक फैली हुई है। एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र दक्षिण पाकिस्तान और आसपास के क्षेत्र में है। यह समुद्र तल से 5.8 किलोमीटर ऊपर तक फैला हुआ है। उत्तरी राजस्थान पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र विकसित है।

 

20 मिलीमीटर तक हो सकती वर्षा

डॉ. पांडेय ने बताया कि रविवार को 20 से 22 मिलीमीटर तक बारिश की संभावना है। सोमवार को भी हल्की वर्षा हो सकती है। तापमान में उतार चढ़ाव होगा। हवा सामान्य से तेज चलेगी। वातावरण में नमी की अधिकता बढ़ गई है।

English News

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com