बीती रात हुई बरसात से अयोध्या डिपो परिसर जलमग्न हो गया। बरसात का पानी इतना भरा कि यात्रियों का बैठना तो दूर, परिसर में प्रवेश करना भी मुश्किल हो गया। इस कदर गंदगी फैली कि बसों का सैनिटाइजेशन और साफ-सफाई व्यवस्था ध्वस्त हो गई। परिसर की हालत देख कर जिम्मेदार अफसर भी कुछ कर पाने की स्थिति में नहीं दिखे। जिसके पीछे अयोध्या में हाईवे किनारे बन रहा नया बस स्टेशन बड़ा कारण बताया जाता है।
अयोध्या में हाईवे किनारे नया बस स्टेशन लगभग बन कर तैयार है। परिवहन निगम को उसके हस्तांतरण का इंतजार है। अधिकारी नये बस स्टेशन में शिफ्ट होने के दिन गिन रहे हैं। नये बस स्टेशन के चालू हो जाने के बाद सिविल लाइंस स्थित निगम के अयोध्या डिपो का वजूद खत्म हो जाएगा। यहीं वजह है कि जिम्मेदारों ने यहां की समस्याओं से खुद को अलग कर लिया है। डिपो परिसर में कीचड़ युक्त बरसात का पानी भरा है। नाले जाम हैं और पानी की निकासी की कोई व्यवस्था नहीं है। सवारियों को डिपो के बाहर से ही बस पकड़नी पड़ रही है। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक महेश कुमार कहते हैं कि डिपो परिसर की भूमि सड़क के लेवल से नीचे है। यहां पानी का भराव स्वाभाविक है। नये बस स्टेशन में शिफ्ट होने तक यहां की समस्याओं से निजात मिल पाना मुश्किल है।
TOS News Latest Hindi Breaking News and Features