लखनऊ , 29 सितम्बर । वेब सिनेमा हाल के पास एक स्कार्पियो गाड़ी से 500 रुपये की रिश्वत लेते हुए भ्रष्टाचार निवारण संगठन की ट्रेन टीम ने बुधवार की दोपहर एक ट्रैफिक दारोगा व होमगार्ड को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। दोनों को गोमतीनगर पुलिस के हवाले कर दिया गया है और उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज करायी गयी है।

भ्रष्टाचार निवारण संगठन से मिली जानकारी के अनुसार डीजीपी जावीद अहमद ने राजधानी में ट्रैफिक पुलिस कर्मियों की अवैध वसूली की शिकायत पर भ्रष्टाचार निवारण संगठन को कार्रवाई करने के लिए आदेश दिया गया था। इसके बाद भ्रष्टाचार निवारण संगठन की एक ट्रैप टीम को ऐसे पुलिस कर्मियों को चिन्हित कर कार्रवाई के लिए पालीटेक्निक व उसके आसपास लगाया गया था। कई दिनों से ट्रैप टीम पालीटेक्निक व वेब सिनेमा हाल के पास निगरानी कर रही थी। बताया जाता है कि बुधवार की दोपहर दिल्ली नम्बर की एक स्कार्पियों गाड़ी को वेब सिनेमा हाल के पास ट्रैफिक दारोगा अनिल सिंह व होमगार्ड आनंद कुमार ने रोका। उन लोगों ने गाड़ी के चालक अम्बेडकरनगर जनपद निवासी रमाशंकर से 500 रुपये रिश्वत मांगी गयी। स्कार्पियों चालक ने उन को 500 रुपये जैसे ही दिये वैसे ही टै्रप टीम ने टीएसआई व होमगार्ड को रंगे हाथ पकड़ लिया। इसके बाद दोनों को गोमतीनगर थाने ले जाया गया और पुलिस के हवाले कर दिया गया। दोनों के खिलाफ गोमतीनगर थाने में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज की गयी। भ्रष्टाचार निवारण की ट्रैप टीम ने सीओ योगेन्द्र सिंह, इंस्पेक्टर सुंदर सिंह सोलंकी, एचसीपी रफीक, केशवराम, हेड कास्टेबिल कृष्ण कुमार, शेषनाथ, सिपाही जगदीश, सतीष, मोहसिन, धर्मेन्द्र व जयराम पाल मौजूद थे।
TOS News Latest Hindi Breaking News and Features