लखनऊ में कोरोना का प्रकोप, संक्रमित की संख्या हुई 500 पार; बाराबंकी में मिले 10 नए केस

उत्तर प्रदेश में कोरोना का प्रसार जारी है। शुक्रवार को अयोध्या में पांच नए कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले हैं। जिसके चलते इलाके को सील करने की तैयारी शुरू हो गई है। वहीं, सुल्तानपुर में छह और कोरोना पॉजिटिव केस समाने आए हैं। यह सभी प्रवासी हैं। उधर, बाराबंकी जिले में देर रात आई रिपोर्ट के अनुसार, जिले में कोरोना वायरस के 10 और पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। इसी कड़ी में कोरोना राजधानी लखनऊ के सीएम हेल्पलाइन सेवा तक जा पहुंचा है। बीते दिन यानी गुरुवार को यहां के नौ कर्मियों में वायरस पाया गया। वहीं, शहर के कुल 14 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। इसमें तीन महिला व 11 पुरुष शामिल हैं। ऐसे में लखनऊ में अब कोरोना पॉजिटिव मामले 507 हो गए हैं।

अयोध्या में मिले पांच पॉजिटिव, संख्या बढ़कर हुई 51

जनपद में शुक्रवार को पांच और लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई है। इनमें से एक मरीज अयोध्या के राजघाट, एक हैरिंग्टनगंज, एक मिल्कीपुर, एक बीकापुर व एक मसौधा ब्लॉक का है। सभी मरीजों को आइसोलेट किय गया है। गांव मोहल्ले को सील करने की तैयारी शुरू हो गई है। अब एक्टिव कोरोना पाजिटिव मरीज की संख्या बढ़कर 51 हो गई है।

सुल्तानपुर में छह और कोरोना पॉजिटिव केस 

जिले में छह और कोरोना पॉजिटिव समाने आए हैं। यह सभी प्रवासी हैं। प्रतीक्षित 159 सैंपल की रिपोर्ट शुक्रवार को आई। सीएमओ डॉ सीबीएन त्रिपाठी के अनुसार इसमें से 153 नमूनों की जांच रिपोर्ट निगेटिव है। जबकि छह पॉजिटिव पाए गए हैं। यह सभी प्रवासी हैं। अब जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या 112 हो गई है।

बाराबंकी में 10 और की रिपोर्ट आई पॉजिटिव, सक्रिय केस हुए 58

जिले के डीएम डॉ. आदर्श सिंह ने बताया कि सभी को एल- 1 हिंद अस्पताल भेजा जा रहा है। इनमें से 5 लोग हैदरगढ़ के हैं, और 5 रामसनेही घाट के। 4 लोग दिल्ली से, 3 गाज़ियाबाद से, एक मुंबई से और एक कोलकत्ता से कुछ दिन पूर्व आये थे। एक व्यक्ति पूर्व में पाए गए पॉजिटिव का नजदीकी संपर्क है। अब जनपद में कुल 58 सक्रिय केस हैं।

सीएम हेल्पलाइन सेवा तक पहुंचा वायरस 

लखनऊ स्थित गोमतीनगर में इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के पास साइबर हाइट टॉवर है। इसमें सीएम हेल्पलाइन सेवा का कॉलसेंटर में है। इसका जिम्मा निजी कंपनी के पास है। यहां दूसरे दिन भी नौ कर्मियों में वायरस की पुष्टि हुई है। ऐसे में अब तक 18 कर्मी हेल्पलाइन के संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इससे कॉलसेंटर में हड़कंप मच गया है। इसके अलावा अलीगंज, निरालानगर, डंडिया, योजनाभवन के पास व पीजीआइ का एक वार्ड ब्वॉय भी वायरस की चपेट में आया है। इन पांच इलाकों के पांच मरीजों में संक्रमण पाया गया। ऐसे में मरीजों की संख्या पांच सौ पार हो गई है।

आठ मरीज पहुंचे घर , 331 का सैंपल भेजा

राजधानी के अस्पतालों में भर्ती आठ मरीजों ने कोरोना से जंग जीत ली है। इसमें तीन मरीज लोकबंधु अस्पताल में भर्ती थे। वहीं शेष का अन्य अस्पतालों में इलाज चल रहा था। लोकबंधु अस्पताल के निदेशक डॉ. डीएस नेगी ने बताया कि एक पुरुष व एक महिला को डिस्चार्ज किया गया है। लखीमपुर खीरी के एक मरीज की भी छुट्टी हुई है।  उन्होंने बताया कि डिस्चार्ज तीनों मरीजों को 14 दिन होमक्वारंटाइन में रहने की सलाह दी गई है। इसके अलावा विभिन्न इलाकों में 17 टीमों ने संक्रमण मुक्ति के लिए अभियान चलाया। इस दौरान 2,770 लोगों का स्वास्थ्य ब्योरा जुटाया गया। इसमें 331 लोगों के नमूने जांच के लिए केजीएमयू भेजे गए।

राजधानी में बढ़े हॉटस्पॉट 

राजधानी में कोरोना मरीज की तादाद बढ़ रही है। यह नए इलाकों को भी गिरफ्त में ले रहा है। इन इलाकों में स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा लोगों के नमूने लिए जा रहे हैं। गुरुवार को गोमतीनगर स्थित साइबर हाइट को नए कंटेनमेंट जोन में शामिल किया गया है।

पीजीआइ आउट सोर्स अटेंडेंट पॉजिटिव 

पीजीआइ में तैनात आउट सोर्स सहायक संक्रमण की चपेट में आ गया। बुधवार देर रात रिपोर्ट आते ही उसे भर्ती कर लिया गया है। पीलीभीत निवासी अटेंडेंट आउट सोर्स कर्मी कोविड अस्पताल में ड्यूटी कर रहा है। दो दिन पहले उसे बुखर आने पर उसका सैंपल जांच के लिए भेजा गया। जांच में रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।

 लखनऊ में कब-कब हुईं मौतें

  • 15 अप्रैल : नया गांव निवासी 64 वर्षीय बुजुर्ग की मौत
  • 19 मई : मौलवीगंज निवासी 52 वर्षीय सब्जी विक्रेता की मौत
  • 29 मई : बारूदखाना निवासी महिला की मौत
  • 31 मई : फूलबाग निवासी बुजुर्ग की मौत
  • 05 जून : ऐशबाग निवासी पूर्व निदेशक बलरामपुर अस्पताल की मौत
  • 06 जून : चौपटिया निवासी 61 वर्षीय महिला की मौत
  • 06 जून : ऐशबाग निवासी 60 वर्षीय व्यक्ति की कोरोना से मौत
  • 09 जून : रुचिखंड शारदानगर निवासी 80 वर्षीय बुजुर्ग की मौत
English News

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com