लखनऊ में ताबड़तोड़ हुई फायर‍िंग, PWD के कर्मचारी को मारी गोली, आरोप‍ित ने खुद को भी क‍िया शूट

राजधानी मंगलवार की सुबह गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठी। आशियाना में अपर निजी सचिव के पति एवं पीडब्ल्यूडी के कर्मचारी सर्वेश को बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने उनके घर के बाहर गोली मार दी। गोली पेट में लगने से वह मौके पर ही धराशायी हो गए। वारदात के कुछ ही देर बाद आरोप‍ित ने खुद को भी गोली मार ली और थाने पहुंच गया। पुल‍िस ने उसे भी ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया है। उधर, राजाजीपुरम एमआइएस चौराहे के पास दो पक्षों में विवाद के बाद ताबड़तोड़ कई राउंड गोलियां चलीं। एक के बाद एक हुई इन घटनाओं से राजधानी के आलाअफसरों की नींद उड़ गई।

आशियाना सेक्टर एच निवासी ममता सचिवालय में अपर निजी सचिव हैं। उनके पति सर्वेश पीडब्ल्यूडी विभाग में कार्यरत हैं। बुधवार सुबह सर्वेश ऑफिस जाने के लिए घर के बाहर स्कूटी साफ कर रहे थे। इस बीच बाइक सवार नकाबपोश बदमाश पहुंचे और उन्होंने सर्वेश को गोली मार दी। इसके बाद हवाई फायरिंग करते हुए भाग निकले। पेट में गोली लगने से सर्वेश मौके पर ही धराशायी हो गए। गोली की आवाज सुनकर उनकी पत्नी ममता और मोहल्ले वाले बाहर निकले। उन्होंने आनन फानन पुलिस को सूचना दी। पुलिस की मदद से सर्वेश को अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालात नाजुक बताई जा रही है। गोली कांड की सूचना पर आलाधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस की टीमें बदमाशों की सुरागरशी के लिए घटना स्थल के आस पास लगे सीसी कैमरे खंगाल रही हैं। एसीपी कैंट बीनू सिंह ने बताया कि आलाधिकारियों के निर्देश पर बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गई हैं। सर्वेश को गोली मारने वाले आरोपित शैलेन्द्र सिंह ने खुद को भी गोली मारी और आशियाना थाने पहुंच गया। पुलिस ने आरोपित को हिरासत में लेकर ट्रामा में भर्ती कराया। आरोपित शैलेन्द्र रिटायर्ड फौजी बताया जा रहा है।

राजाजीपुरम में ताबड़तोड़ फायर‍िंग

राजाजीपुरम एमआइएस चौराहे के पास मंगलवार सुबह एक जूस की दुकान पर एक्सयूवी सवारों की कुछ लोगों से नोकझोंक हो गई। इस बीच दोनों पक्षों ने असलहे निकाल लिए और ताबड़तोड़ फायरिंग की। घटना से इलाके में दहशत फैल गई। लोग घरों के अंदर बंद हो गए और दुकानों के शटर नीचे गिरा दिए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के मुताबिक एक्सयूवी सवार रंजीत यादव और उसका दोस्त सत्यम पांडेय सेक्टर-12 स्थित जूस की दुकान पर खड़े थे। इस बीच सामने से पल्सर सवार दो युवक आए उन्होंने गाली-गलौज की और दो राउंड फायरिंग करते हुए भाग निकले। यह देख रंजीत और सत्यम ने भी दो से तीन राउंड फायरिंग की। पुलिस ने मौके से एक्सयूवी कार बरामद कर ली है। एक्सयूवी में सदस्य विधानसभा और विधायक लिखा हुआ है। मौके पर गोलियों के निशान भी पुलिस को मिले हैं। घटना के बाद दोनों पक्ष भाग निकले। पुलिस गाड़ी नंबर के आधार पर हमलावरों का पता लगा रही है।

English News

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com