राजधानी समेत यूपी के अधिकतर जनपद कोहरे की चपेट में हैं। खासकर, लखनऊ व आस-पास के जनपदों में 12 घंटे से घनघोर कोहरा छाया हुआ है। ऐसे में वाहनों की रफ्तार धीरे हो गई। इस दौरान जरा भी लापरवाही दुर्घटना का शिकार बना सकती है।
अभी तक शाम से गिरने वाला कोहरा सुबह छट जाता रहा। आठ बजे के करीब सूरज की किरणें धरती पर पड़ने लगतीं। वहीं गुरुवार को राजधानी कोहरे के आगोश में रहीं। सड़कों पर दूर का दिखाई देना बंद हो गया। फॉग लाइट भी खास प्रभाव नहीं दिखा पा रही थीं। लिहाजा, चालकों ने वाहनों की रफ्तार धीमें कर दी। ऐसे में ठंड का भी इजाफा हो गया। बाहर निकले लोग कपड़ों से कान को ढके दिखे। मौसम विभाग ने शहर का अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम 11.6 डिग्री सेल्सियस का अनुमान लगाया। हालांकि मौसम के बदलते मिजाज को लेकर पारा में गिरावट आ सकती है।
मौसम विभाग के निदेशक जेपी गुप्ता के मुताबिक पाकिस्तान से सटे इलाकों में पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है। ऐसे में पहाड़ों पर दबाव की स्थिति है। लिहाजा, वहां पांच-छह दिनों में बारिश के आसार बन रहे हैं। ऐसा हुआ तो मैदानी इलाके में भी ठंड बढ़ेगी। उधर लखनऊ में हवा की सेहत भी खराब बनी हुई है। बुधवार को एयर क्वॉलिटी इंडेक्स (एक्यूआइ) 382 रहा। वहीं सर्वाधिक धारूहेरा का एक्यूआइ 440, गाजियाबाद का एक्यूआइ 418, फरीदाबाद का एक्यू 395, बुलंदशहर का एक्यूआइ 414, आगरा का एक्यूआइ 400, ग्रेटर नोएडा का 404, नोएडा का 294 एक्यूआइ दर्ज किया गया।
TOS News Latest Hindi Breaking News and Features