लखनऊ: चिनहट इलाके में रहने वाले एक मजदूर की पत्नी ने अपने घर में लगाकर जान दे दी। घटना के बाद महिला का पति वहां से फरार हो गया। खबर जब मायके वालों को मिली तो वह लोग वहां पहुंचे। किसी तरह घर का दरवाजा खोला गया तो महिला का शव बिस्तर पर पड़ा मिला। पुलिस ने इस मामले में मृतक के भाई की तहरीर पर बहनोई के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस ने आरोपी को हिारसत में ले लिया।

माल के गोपरामऊ गांव निवासी राजेन्द्र प्रसाद ने बताया कि वर्ष 2008 में उन्होंने अपनी बहन 29 वर्षीय कुसमा की शादी चिनहट के हरदासी खेड़ा गांव निवासी मजदूर बिहारी रावत से की थी। गुरुवार को मायके वालों को इस बात की खबर मिली कि कुसमा की मौत हो गयी है। खबर पाकर मायके वाले कुसमा की ससुराल पहुंचे तो वहां ताला लगा था। भाई राजेन्द्र ने बहनोई बिहारी को फोन किया तो उसने बताया कि वह कुसमा को लेकर अस्पताल जा रहा है और मटियारी के पास जाम में फंसा है।
इसके बाद मायके वाले मटियारी चौराहे पहुंचे पर न तो वहां कोई जाम लगा था और न ही बिहारी कहीं मिला। इसके बाद वह लोग वापस कुसमा की ससुराल पहुंचे और मामले को संदिग्ध देखते हुए सूचना पुलिस कंट्रोल रूम पर दी। सूचना पाकर मौके पर चिनहट पुलिस भी पहुंच गयी। इसके बाद किसी तरह मकान का दरवाजा तोड़ा गया। मायके वाले जब अंदर पहुंचे तो देखा कि कुसमा का शव बिस्तर पर पड़ा था। छानबीन के दौरान पुलिस को इस बात का पता चला कि कुसमा ने फांसी लगाकर अपनी जान दी थी। घटना के बाद कुसमा का पति उसके शव को नीचे उतार कर वहां से फरार हो गया।
छानबीन के बाद पुलिस ने कुसमा के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस मामले में मृतका के भाई ने बहनोई बिहारी रावत के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की रिपोर्ट दर्ज करायी है। चिनहट पुलिस ने आरोपी बिहारी रावत को हिरासत में ले लिया है। मृतक के भाई राजेन्द्र प्रसाद का आरोप है कि शादी के बाद से बिहारी उसकी बहन कुसमा को मारता-पीटता था। पति की प्रताडऩा से तंग आकर उसकी बहन ने आत्महत्या कर ली।
TOS News Latest Hindi Breaking News and Features