इंडोनेशिया में एक महिला लापता हो गई थी, मगर जब परिजनों ने उसे खोजने की कोशिश की तो वह महिला उस जगह पर मिली, जिसकी कल्पना मात्र से ही शरीर में सिहरन सी दौड़ उठती है. दरअसल, शनिवार को पुलिस ने बताया कि इंडोनेशियाई महिला अपने सब्जी के बगीचे में देखरेख कर रही थी, जिसके बाद वह गायब हो गई. मगर बाद में जब खोजबीन हुई तो वह एक विशाल अजगर के पेट में मिली.
54 वर्षीय वा तिबा का शरीर शुक्रवार को उस वक्त मिला, जब ग्रामीणों ने सात मीटर (23 फुट) लंबे अजगर के पेट को चीरा. दरअसल, गांव वाले जब महिला की तलाश कर रहे थे तो उस दौरान उन्हें एक अजगर दिखा जिसका पेट फूला हुआ था. उसके बाद लोगों को इस बात पर संदेह हुआ कि हो सकता है महिला को इसी अजगर ने निगला हो.
स्थानीय पुलिस प्रमुख ने कहा कि स्थानीय निवासियों को संदेह था कि सांप महिला को निगल गया था, इसलिए उन्होंने इसे मार डाला. फिर इसे बगीचे से बाहर ले जाया गया. उसके बाद सांप के पेट को चीर कर खोला गया और उसमें पीड़ित महिला के शव को निकाला गया.
गुरुवार की रात को जब महिला घर वापस नहीं आई तब परेशान घर वालों के साथ-साथ करीब सौ लोगों ने खोजबीन शुरू की. गांववालों ने पीड़ित महिला तिबा के सैंडल और कुल्हाड़ी से करीब 30 मीटर की दूरी पर सांप को पाया. बता दें कि इंडोनेशिया और फिलीपिंस में अमूमन छह मीटर की लंबाई के अजगर पाये जाते हैं.