सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव का दावा, 2019 में योगी आदित्यनाथ गंवा देंगे मुख्यमंत्री पद

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आज लखनऊ में बड़ा दावा किया है। समाजवादी पार्टी के कार्यालय में पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ सम्मेलन में उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ 2019 में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री नहीं रहेंगे।

समाजवादी पार्टी कार्यालय में आज सपा पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ का सम्मेलन आयोजित किया गया था। इसमें मुख्य अतिथि समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव थे। सम्मेलन में उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के हालात बेहद खराब हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 2019 में अपना पद गंवा देंगे। भाजपा में मुख्यमंत्री पद के दावेदारों में लड़ाई तेज है।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा में 2019 में मुख्यमंत्री बदले जाने की आहत हैं। इसके कारण दावेदार काम में तेजी दिखा रहे हैं। आजकल तो डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य जाति सम्मेलन कराने में काफी सक्रिय हैं। अखिलेश यादव ने भाजपा के जातीय सम्मेलनों पर निशाना साधा। केशव प्रसाद मौर्य का नाम लिए बिना कहा, सरकार में उप मुख्यमंत्री का अपमान हुआ। अब उन्हें 2019 में मुख्यमंत्री बनाने की बात चल रही है। इसी कारण वह पिछड़ी जातियों के सम्मेलन करा रहे हैं।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा का सिर्फ एक ही काम है, लोगों को जाति के नाम पर, धर्म के नाम पर तथा ऊंच-नीच के नाम पर लड़ाना। भाजपा की इस चाल को अब लोग समझ गए हैं। उन्होंने कहा कि इस पार्टी के नेताओं ने अभी तक लोगों को हर तरह से परेशान करने के साथ ही आपस में लड़ाने का काम किया है। उन्होंने भाजपा पर शिक्षकों, किसानों, नौजवानों के अपमान का आरोप लगाया। पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में महंगाई आसमान छू रही है। भारत दुनिया के मुकाबले बहुत पिछड़ गया है। भाजपा राज में लोकतंत्र को खतरा पैदा हो गया है। लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर किया जा रहा है।

English News

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com