भोपाल: मध्य प्रदेश में चुनाव संग्राम में तेजी आती दिख रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को यहां भाजपा के लाखों कार्यकर्ताओं को संबोधित कर मध्य प्रदेश में चुनावी अभियान का आगाज करेंगे। पार्टी अध्यक्ष अमित शाह भी उनके साथ होंगे। मंगलवार 25 सितंबर को ही जनसंघ के संस्थापक दीनदयाल उपाध्याय की जयंती है और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के जन आशीर्वाद यात्रा का समापन भीए लिहाजा भाजपा ने इसे मेगा शो बना दिया है।

राज्य में इस साल के अंत में विधानसभा के चुनाव होने हैं। भाजपा लगातार चौथी बार सरकार बनाने के लिए पूरी ताकत लगा रही है। 15 साल की एंटी इनकम्बेंसी और हाल ही में आए एससी.एसटी एक्ट के बाद भाजपा कार्यकर्ता कहीं सुस्त न पड़ जाएं यह सोचकर भाजपा ने अपने दोनों सबसे बड़े कैंपेनर को उनके बीच बुला लिया है।
मोदी व शाह एक मंच से कार्यकर्ताओं में जोश भरेंगे। भाजपा ने इस मेगा शो को कार्यकर्ता महाकुंभ नाम दिया है। राज्य में करीब 65 हजार पोलिंग बूथ हैं। पार्टी ने हर बूथ से 20 कार्यकर्ता बुलाए हैं। दावा है कि 10 लाख कार्यकर्ता तो आएंगे ही। इसके लिए शहर से अलग जंबूरी मैदान पर भव्य और आलीशान व्यवस्था की गई है। पांच लाख से ज्यादा कुर्सियों का इंतजाम किया गया है। पड़ोसी राज्यों से भी डेढ़ लाख कुर्सियां आयात की गई हैं।
नौ स्पेशल ट्रेनें बुक की गई हैं। 12 हजार बसें भी अपनी सेवाएं देंगी। हजारों लोग अपने निजी वाहनों से आएंगे। करीब 4 लाख लोगों को 24 घंटे पूड़ीए सब्जी और छोले का इंतजाम रहेगा। 25 आईपीएस अफसरों के साथ करीब आठ हजार सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे। भाजपा का दावा है कि यह कार्यकर्ता महाकुंभ विश्व के किसी भी राजनीतिक दल का सबसे बड़ा आयोजन होगा।
पूरे आयोजन पर 50 से 100 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। हालांकि खर्च के सवाल पर भाजपा मौन है। बता दें कि मध्य प्रदेश के साथ राजस्थान, छत्तीसगढ़ और मिजोरम में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं।
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के राजधानी में मेगा रोड शो और कार्यकर्ताओं को संबोधित करने के बाद भाजपा के दोनों सबसे बड़े कैंपेनर का यह पहला कार्यक्रम है। भाजपा 2019 को ध्यान में रखकर मध्य प्रदेश में हर हाल में लगातार चौथी बार सत्ता चाहती है। वहीं 15 सालों से सरकार से बाहर कांग्रेस भी इस बार कोई कसर बाकी रखना नहीं चाहती।
TOS News Latest Hindi Breaking News and Features