डोभी(गया), गया जिले के बाराचट्टी थाना क्षेत्र के बनवासी गांव के समीप जंगल में स्थित एक कुएं से मंगलवार को महिला का शव बरामद किया गया। शव मिलने से सनसनी फैल गई। बाहर निकाले जाने के बाद उसकी पहचान केंदुआडीह गांव के राजेन्द्र यादव की पत्नी सुनीता उर्फ मुन्नी देवी (35) के रूप में की गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर महिला की टूटी चूड़ी और बैकपिन पाया गया है। वही खून के धब्बे भी देखे गए। ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि महिला के साथ गलत कार्य करके अपराधियों ने इसकी हत्या कर दी और कुएं में फेंक दिया। हालांकि पुलिस अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है। 
जंगल में पड़ी चूड़ी, खून के धब्बे से खुला राज
घटना के संदर्भ में लोगों ने बताया कि गांव से दो किलोमीटर जंगल में उक्त कुआं स्थित है। जंगल में मवेशी चराने गए लोगों ने टूटी चूड़ी और माथे में लगाने वाला बैकपिन देखा तो उन्हें संशय हुआ। इसके बाद उनलोगों ने इधर-उधर तलाशी लेकिन कुछ नहीं मिला। इसी दौरान जब उनकी नजर कुएं में पड़ी तो वे सन्न रह गए। कुएं में महिला का शव पड़ा था। उनलोगों ने इसके बाद ग्रामीणों को जानकारी दी। ग्रामीणों ने रस्सी के सहारे शव को बाहर निकाला तब उसकी पहचान सुनीता के रूप में की गई। सूचना पर पहुंची बाराचट्टी पुलिस शव को कब्जे में लेकर थाना ले गई है। इधर सुनीता की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है।
सोमवार को घर से निकली थी सुनीता
महिला अपने घर केंदुआडीह से सोमवारसुबह करीब 11 बजे अपने नैहर कसियादिह जाने को अकेले निकली थी। महिला के पति राजेन्द्र यादव ने कहा कि नैहर के लोग कुछ दिन पूर्व पूजा करने के लिए कौलेश्वरी पहाड़ गए थे। उसी के बाद आज प्रसाद खाने के नाम पर उसकी पत्नी सुनीता देवी घर से नैहर जाने को निकली थी। मंगलवार को उसका शव कुएं से मिला है।
TOS News Latest Hindi Breaking News and Features